
गाजीपुर।शहर पीरनगर स्थित स्वामी सहजानन्द पीजी कॉलेज में शनिवार को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के पीएचडी प्रवेश-2024 के अंतर्गत विभागीय शोध समिति (डीआरसी) की महत्वपूर्ण बैठकें संपन्न हुईं। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) वी.के. राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इतिहास अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र विषयों में पी-एच.डी. प्रवेश के लिए शोधार्थियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया का निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया। इतिहास में डॉ. निवेदिता सिंह के निर्देशन में रिक्त तीन सीटों के सापेक्ष अभ्यर्थियों का चयन हुआ। वाह्य विशेषज्ञ के रूप में पीजी कॉलेज, गाजीपुर के प्रो. अशोक कुमार सिंह उपस्थित रहे। वहीं, अर्थशास्त्र विभाग में डॉ. विशाल सिंह के निर्देशन में एक रिक्त सीट पर शोधार्थी का चयन सुनिश्चित किया गया। इस प्रक्रिया में बलदेव पीजी कॉलेज, बड़ागांव, वाराणसी के प्रो. विश्वनाथ कुमार ने वाह्य विशेषज्ञ की भूमिका निभाई। समाजशास्त्र विभाग में प्रो. विलोक सिंह, डॉ. राजेश गुप्ता और डॉ. विनय चौहान के निर्देशन में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार संपन्न हुआ। समाजशास्त्र विषय के लिए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी की प्रो. अमिता सिंह बतौर बाह्य विशेषज्ञ उपस्थित रहीं। विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों के शोध प्रस्तावों और साक्षात्कार के आधार पर उनकी योग्यता को परखा। प्राचार्य प्रो. वी.के. राय ने बताया कि महाविद्यालय में शोध प्रवेश हेतु डीआरसी की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ कराई गई है। विभिन्न विषयों में शोध हेतु डीआरसी की प्रक्रिया 9 दिसम्बर से ही निरंतर जारी है। संस्कृत, सैन्य विज्ञान, हिंदी, राजनीतिशास्त्र और शारीरिक शिक्षा विषयों की डीआरसी प्रक्रिया पहले ही संपन्न कराई जा चुकी है।




