

भ्रमण के दौरान संत शिरोमणि रविदास जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम में की सहभागिता
मऊ।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने उसुरी कुटी, मधुबन में संत शिरोमणि संतरविदास की जयंती पखवाड़ा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज, स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री श्री शर्मा ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास जी अत्यंत विलक्षण संत थे, जिनके विचारों को पूरा देश नमन करता है। उन्होंने समाज में व्याप्त बड़े-बड़े आडंबरों और अंधविश्वासों को नकारते हुए मानवता, समानता और आत्मशुद्धि का मार्ग दिखाया। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे उनके विचार आज भी प्रत्येक व्यक्ति को आत्मचिंतन और सदाचार की प्रेरणा देते हैं।मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी का यह संदेश था कि ईश्वर को खोजने के लिए कहीं बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि ईश्वर हमारे भीतर ही विद्यमान है। यदि मन स्वच्छ, निर्मल और पवित्र हो तो उसी के माध्यम से ईश्वर का साक्षात्कार किया जा सकता है। उनके विचार समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने वाले हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि उसुरी कुटी के समग्र विकास के लिए वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है। जिसकी स्वीकृति शीघ्र प्राप्त हो जाएगी। इससे इस पावन स्थल का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मऊ जनपद एवं मधुबन क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर गति पकड़ रहे हैं। विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण, घाटों का विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं और आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे।
मंत्री श्री एके शर्मा ने मुखर होते हुए कहा कि पूर्व में मऊ का विकास ठहर सा गया था, कई ऐसे कार्य थे जो समय पर हो सकते थे लेकिन नहीं हुए। अब सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ रुके हुए सभी विकास कार्यों को पूर्ण कर रही है। मंत्री श्री शर्मा ने भावुक शब्दों में कहा कि जब तक शरीर में खून की एक बूंद भी है, तब तक इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे और मऊ का विकास करके दिखाएंगे।मंत्री श्री शर्मा ने यह भी कहा कि विद्युत क्षेत्र में संरचनात्मक सुधार किए गए हैं और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन एवं अन्य क्षेत्रों में भी संतुलित और सतत विकास का कार्य लगातार जारी है। इस अवसर पर श्री भोलाराम जी,श्री अखिलेश कुमार,चेयरमैन नगर पालिका परिषद (मधुबन) श्रीमती आरती मल्ल, पूर्व चेयरमैन श्री शंकर मद्धेशिया, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री हौसला उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
ए. के. शर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन का किया आकस्मिक निरीक्षण

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने अपने मऊ भ्रमण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और मरीजों से संवाद कर उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।निरीक्षण के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने ओपीडी कक्ष, दवा वितरण कक्ष, उपचार कक्ष, प्रतीक्षालय एवं अन्य विभागों का अवलोकन किया। उन्होंने उपलब्ध दवाओं, आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, जांच सुविधाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए। मरीजों के साथ संवेदनशीलता एवं मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए समयबद्ध उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न की जाए और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सीमित सुविधाओं की जानकारी देते हुए उन्हें और बेहतर किए जाने की मांग रखी। इस पर मंत्री श्री शर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मधुबन को शीघ्र ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) स्तर की सुविधाओं से युक्त किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर उपचार, जांच एवं आपातकालीन सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को सुलभ, सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ग्रामीण एवं कस्बाई क्षेत्रों में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को गंभीर उपचार के लिए दूर-दराज के जिलों में न जाना पड़े। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।




