फतेहपुर : रेलवे सुरक्षा बल फतेहपुर ने 148 अवैध कछुए किए बरामद

शीबू खान
फतेहपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) थाना फतेहपुर द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 148 कछुओं को बरामद किया गया है, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पकड़े गए दो संदिग्धों को आवश्यक विधिक कार्रवाई हेतु वन विभाग को सुपुर्द कर दिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक अपनी टीम के साथ तथा थाना प्रभारी जीआरपी राजकुमार मौर्य मय स्टाफ द्वारा हावड़ा जाने वाली ट्रेनों की सुरक्षा के मद्देनजर प्लेटफार्म नंबर 02/03 पर यात्रियों के सामान की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्ति छह बैग के साथ बैठे मिले। शक होने पर जब उनसे बैग खोलने को कहा गया तो दोनों घबरा गए और बैग छोड़कर भागने लगे। तत्परता दिखाते हुए आरपीएफ स्टाफ ने दौड़ाकर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम उमेश पुत्र मिथुन उम्र 21 वर्ष निवासी महेशुआ थाना हनुमानगंज जिला सुल्तानपुर तथा निखिल पुत्र अमर उम्र 15 वर्ष निवासी महेशुआ थाना हनुमानगंज जिला सुल्तानपुर बताया। दोनों ने स्वीकार किया कि वे बैग में कछुए लेकर हावड़ा बेचने जा रहे थे और पकड़े जाने के डर से भागे थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में जब सभी छह बैग खोले गए तो जूट के बोरों में छोटे-बड़े आकार के कुल 148 अवैध कछुए बरामद हुए। आरोपियों ने बताया कि वे सुल्तानपुर क्षेत्र के आसपास के नदी-तालाबों से कछुओं को एकत्र कर अधिक कीमत पर बेचने के लिए जोधपुर-हावड़ा ट्रेन से हावड़ा ले जा रहे थे। इसके बाद दोनों आरोपियों व बरामद कछुओं को आरपीएफ थाना फतेहपुर लाया गया, जहां वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी के निर्देशन में 148 कछुओं को, जिनकी अनुमानित कीमत 40 लाख रुपये है, वन दरोगा सीमा यादव को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु सुपुर्द किया गया। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को वन विभाग की टीम को सौंप दिया गया।




