मऊ : वरिष्ठ प्रेरणादायी दंपति सम्मान से सम्मानित हुए ऋषिकेश

ब्राह्मण विकास परिषद मऊ के अध्यक्ष को पितृ पर्व पर मिला विशेष सम्मान
सतीश कुमार पांडेय
जिला संवाददाता /मऊ। ब्राह्मण विकास परिषद मऊ के अध्यक्ष ऋषिकेश पांडे को सामाजिक एवं पारिवारिक मूल्यों के प्रति उनके अनुकरणीय योगदान के लिए “वरिष्ठ प्रेरणादायी दंपति सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जेपी फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जो फाउंडेशन के संस्थापक स्वर्गीय जेपी मिश्र की 71वीं जयंती को पितृ पर्व के रूप में मनाते हुए आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जगद्गुरु श्री रामदिनेशाचार्य जी महाराज (हरिनाम पीठ, अयोध्या धाम) ने मंच से ऋषिकेश पांडे एवं उनकी धर्मपत्नी को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जगद्गुरु जी ने कहा कि ऐसे दंपति समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं, जो पारिवारिक संस्कारों के साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करते हैं। इस कार्यक्रम के आयोजक जेपी फाउंडेशन के संस्थापक स्वर्गीय जेपी मिश्र के सुपुत्र शैलेन्द्र मिश्र एवं अभिषेक मिश्र रहे। उन्होंने कहा कि पितृ पर्व के माध्यम से वे अपने पिता के विचारों और समाजसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने स्वर्गीय जेपी मिश्र के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।




