लखनऊ : मंत्री ए.के. शर्मा ने नगरीय सिंधु मासिक पत्रिका का किया शुभारंभ

नगरों के विकास की सफलता और प्रशिक्षण के अनुभवों को साझा करने का बनेगा सशक्त मंच ‘नगरीय सिंधु
लखनऊ । नगरों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों और नगरीय विकास की नई पहल को प्रदेशभर में साझा करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज शनिवार को नगरीय निकाय निदेशालय एवं नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के तत्वावधान में प्रकाशित होने वाली मासिक पत्रिका ‘नगरीय सिंधु’ का शुभारंभ किया। इस पत्रिका के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों, विकासपरक योजनाओं, नवाचारों तथा नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का नियमित आदान-प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के नगरों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं, जलापूर्ति, सीवरेज, पर्यावरण संरक्षण और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में अनेक अच्छे कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों और नवाचारों की जानकारी दूसरे नगरीय निकायों तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि एक नगर में अपनाई गई अच्छी पहल दूसरे नगरों के लिए भी प्रेरणा बन सके। ‘नगरीय सिंधु’ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगी। उन्होंने कहा कि नगरीय विकास केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए बेहतर प्रबंधन, आधुनिक तकनीक, नवाचार और प्रशिक्षित मानव संसाधन भी आवश्यक हैं। नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाई जा रही है। पत्रिका में प्रशिक्षण से संबंधित जानकारियों के प्रकाशन से नगरीय निकायों के कार्मिकों को भी लाभ मिलेगा। इस पहल के लिए नगरीय निकाय निदेशालय एवं नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान की टीम को बधाई देते हुए अपेक्षा की कि पत्रिका को नियमित, ज्ञानवर्धक और उपयोगी बनाया जाए, जिससे प्रदेश के सभी नगरीय निकाय इससे लाभान्वित हो सकें। इस अवसर पर प्रमुख सचिव पी गुरु प्रसाद, सचिव/ निदेशक अनुज कुमार झा, निदेशक सोडा महेंद्र बहादुर सिंह, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर निदेशक श्रीमती रितु सुहास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे ।



