

प्राची राय /गाजीपुर। ग्राम्य भारती पीएम शिक्षालय नंदगंज का वार्षिक उत्सव कार्यक्रम ‘दर्पण भव्य रूप से संपन्न हुआ। शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत व विशिष्ट अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक अंबेडकर नगर श्याम देव ,जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, कृष्ण बिहारी राय, भानु प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन से किया। अतिथियों ने मां सरस्वती एवं विद्यालय के संस्थापक पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रो. बाबूलाल बलवंत के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी। कक्षा नर्सरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने ‘अहा टमाटर बड़े मजेदार’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। मुख्य आकर्षणों में सरदार वल्लभभाई पटेल पर आधारित नृत्य, चंद्रयान–3 की सफलता पर आधारित नृत्य प्रस्तुति तथा राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर प्रस्तुत नाटक ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं वार्षिक उत्सव के दौरान प्रस्तुत नाटक ‘पद्मावती का जौहर’ ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा ‘दादा-दादी, नाना-नानी – वेलकम टू स्कूल’, दहेज गीत, होली गीत तथा ‘एक दिन मिट जाएगा माटी के मोल’ जैसे भावपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विशिष्ट अतिथि श्याम देव ने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण हेतु प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका सुश्री आंचल गुप्ता एवं छात्र-छात्राओं यशवी राय और मयंक राज द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत विद्यालय की प्रबंधक श्रीमती सरोजनी देवी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती प्रवा बिंद ने किया।धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के उप-प्रधानाचार्य विनीत कुमार शर्मा ने किया।




