Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

धनतेरस और दीपावली को लेकर पुलिस अलर्ट, डीआईजी वैभव कृष्ण ने गाजीपुर के सर्राफा बाजारों में किया पैदल गश्त

व्यापारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समीक्षा, संदिग्धों पर कड़ी नजर रखने के दिए निर्देश

गाजीपुर । आगामी धनतेरस, दीपावली एवं भैया दूज पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए गाजीपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार, 05 नवंबर 2026 को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में नगर के प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील सर्राफा मार्केट में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों में पुलिस की सक्रियता, सुरक्षा इंतजामों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की स्थिति का निरीक्षण किया। पैदल गश्त के दौरान डीआईजी ने सर्राफा कारोबारियों, दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याएं और सुझाव जाने। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे क्रियाशील रखने, सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। इसके बाद थाना कोतवाली परिसर में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों एवं सर्राफा व्यवसायियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुकानों की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, बाजारों में नियमित पुलिस गश्त और पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

डीआईजी ने 06 नवंबर को धनतेरस के मद्देनजर यातायात प्रबंधन योजना की भी समीक्षा की। प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या से निपटने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों तथा आवश्यकता के अनुसार वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने की संभावनाओं पर विचार किया गया, ताकि त्योहार के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके साथ ही पिछले दस वर्षों में धनतेरस, दीपावली एवं भैया दूज के अवसर पर हुई लूट और डकैती की घटनाओं की समीक्षा की गई। इन घटनाओं में शामिल अभियुक्तों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर सक्रिय अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने और आवश्यक निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। डीआईजी वैभव कृष्ण ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान सर्राफा बाजारों में नियमित पैदल गश्त, प्रभावी पुलिस चेकिंग और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर विशेष नजर रखने के साथ यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिला संवाददाता, विवेकानंद राय
गाज़ीपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button