
गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। जहां थाना अहरौला क्षेत्र में एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की हत्या करवाने की साजिश रच डाली। साजिश इतनी खौफनाक थी कि दोस्त को शराब के नशे में भेजकर चाकू से गला रेतने की कोशिश कराई गई। गनीमत रही कि पीड़ित का बेटा मौके पर पहुंच गया और शोर सुनकर ग्रामीणों ने हत्यारे को पकड़ लिया। घटना 14 जुलाई को हुई जब निजामपुर गांव में अमित कुमार उर्फ गुड्डू निवासी निकासपुर थाना राजेसुल्तानपुर जनपद अम्बेडकर नगर अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान आरोपी धीरेन्द्र कुमार निवासी तेंदुआईकला थानां राजेसुल्तानपुर, जनपद अम्बेडकर नगर शराब लेकर पहुंचा और दुकान के पास बैठकर शराब पीने लगा। थोड़ी देर बाद उसने अमित को भी शराब पीने को मजबूर किया। अमित के घर में उस वक्त कोई और मौजूद नहीं था। आधे घंटे बाद धीरेन्द्र अचानक घर के अंदर घुस गया और अमित को तख्त पर गिराकर चाकू से गला काटने की कोशिश की। पहली बार चाकू फिसल गया, लेकिन दूसरी बार उसने गला चीर ही दिया। पीड़ित के चीखने पर उसका बेटा शक्तिमान दौड़ता हुआ अंदर आया, तो आरोपी भागने लगा। शोर सुनकर गांव वालों ने पीछा कर धीरेन्द्र को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। गंभीर रूप से घायल अमित को तत्काल फूलपुर स्थित ताहिर हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस की पूछताछ में धीरेन्द्र ने बताया कि वह अमित का नहीं, बल्कि उसके बड़े भाई अंजनी का दोस्त है। अंजनी का अमित से संपत्ति और पैसों को लेकर विवाद था। इसी रंजिश में उसने धीरेन्द्र को अमित की हत्या करने के लिए उकसाया। धीरेन्द्र ने कबूल किया कि उसी के कहने पर वह गला रेतने पहुंचा था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी धीरेंद्र को जेल भेज दिया।




