शिव मंदिर मेले में दंगल व दौड़ प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

स्व. विधायक सुधाकर सिंह को दी गई श्रद्धांजलि, दो मिनट का रखा गया मौन
सतीश कुमार पांडे
घोसी (मऊ) ।
क्षेत्र के टडियाव गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में विगत लगभग 50 वर्षों से आयोजित पारंपरिक मेले का आयोजन इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। मेले में ग्रामीण परंपरा के अनुसार दंगल एवं दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दराज के गांवों से आए पहलवानों एवं प्रतिभागियों ने भाग लिया।
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में घोसी के पूर्व विधायक स्वर्गीय सुधाकर सिंह के बड़े पुत्र अजीत सिंह की ओर से उनके प्रतिनिधि राजेंद्र नाथ पांडेय उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम में घोसी के पूर्व विधायक विजय राजभर, इटोरा-डोरीपुर के ग्राम प्रधान गोविंद राजभर, तथा कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रतिनिधि एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य (अरियासो वार्ड) फागू सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्व. विधायक सुधाकर सिंह की आत्मा की शांति हेतु टडियाव गांव सहित आसपास के गांवों से आए सभी श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने दो मिनट का मौन रखकर ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद अतिथियों ने दंगल व दौड़ प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
प्रतिनिधि फागू सिंह ने पुरस्कार वितरण करते हुए कहा कि ग्रामीण खेल-कूद और मेलों की परंपरा हमारी संस्कृति की पहचान है, इसे जीवित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। वहीं उपस्थित अतिथियों ने मेले की सराहना करते हुए आयोजन समिति को बधाई दी।
मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं व ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी रही। आयोजन के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय युवाओं एवं समिति के सदस्यों मनीष सिंह रणधीर सिंह डॉ अनिल कुमार सिंह पूर्व प्रधान संजय सिंह सतीश कुमार पाण्डेय वरुणेश पांडेय राजन मौर्य शिवप्रसाद सिंह रमेश पांडे वर्तमान गांव प्रधान दिनेश कुमार आदि लोग उपस्थित रहे




