
शीबू खान/फतेहपुर। केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध और मनरेगा योजना को बचाने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान के तहत शुक्रवार को खागा विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण मजदूरों के साथ भव्य पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा ग्राम त्रिलोचनपुर से प्रारंभ होकर विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से होते हुए खागा नगर पंचायत तक करीब 16 किलोमीटर लंबी रही। पदयात्रा में महिलाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। हाथों में तख्तियां लेकर और सरकार विरोधी व मनरेगा बचाओ के नारे लगाते हुए कार्यकर्ता नगर पंचायत पहुंचे, जहां गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का समापन किया गया।
पैदल यात्रा का नेतृत्व प्रदेश से नियुक्त प्रभारी कनिष्क पांडेय, जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने किया। इससे पहले त्रिलोचनपुर गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों से जनता पूरी तरह त्रस्त है। अब देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहचान चुकी है और उन्हें नकार चुकी है। वहीं शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि मोदी जी ने जनता को गुमराह कर उनके साथ विश्वासघात किया है, जिसे देश कभी भूल नहीं सकता। आज जनता उन्हें घृणा की दृष्टि से देख रही है और सत्ता से हटाने के लिए व्याकुल है। पदयात्रा में महिला नेताओं की भी सक्रिय भागीदारी रही।
इसी क्रम में पदयात्रा में महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी तथा गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी जोशपूर्वक भागीदारी निभाई। महिला जिला अध्यक्ष हेमलता पटेल ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यह गरीबों और महिलाओं के लिए सम्मानजनक रोजगार का साधन है, जिसे कांग्रेस कभी कमजोर नहीं होने देगी। वहीं कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि मनरेगा गरीब और ग्रामीण मजदूरों की जीवनरेखा है, जिसे कमजोर करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस सड़कों पर उतरकर विरोध करती रहेगी और मजदूरों के हक की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। इस दौरान मुख्य रूप से महिला नेता माधुरी रावत, हेमलता पटेल, वरिष्ठ नेता राजेंद्र शुक्ला, कलीम उल्ला सिद्दीकी, रंजीत मौर्य, देवी प्रकाश दुबे, आरिफ खान, आदित्य श्रीवास्तव, सैयद सहाब अली, राम नरेश महराज, चौधरी मोइन राइन, नवनीत तिवारी, निजामुद्दीन, डॉ. अब्दुल हमीद, नसीम अंसारी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मजदूर शामिल रहे।




