फतेहपुर : यूजीसी बिल पर रोक से खागा में खुशी, अधिवक्ताओं ने लड्डू बांटकर मनाया जश्न

संवाददाता
खागा -फतेहपुर। यूजीसी बिल को लेकर आमजन और अधिवक्ताओं में लगातार बढ़ रहे विरोध के बीच शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय द्वारा बिल पर रोक लगाए जाने की सूचना मिलते ही खागा तहसील परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। अधिवक्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया। गौरतलब है कि इससे पूर्व यूजीसी बिल के विरोध में खागा तहसील परिसर में अधिवक्ताओं और सामाजिक संगठनों द्वारा महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया था। बिल के बाद सामान्य वर्ग में खासा उबाल देखने को मिला और जगह-जगह कानून के खिलाफ प्रदर्शन किए गए। सुप्रीम कोर्ट द्वारा बिल पर रोक लगाए जाने के बाद जहां लोगों ने राहत की सांस ली, वहीं दूसरी ओर बिल को पूरी तरह वापस लेने की मांग भी जोर पकड़ गई। इसको लेकर अधिवक्ताओं एवं नागरिकों ने जुलूस निकालते हुए नारेबाजी की और यूजीसी बिल वापसी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी बिल को पूरी तरह वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जो किसी भी समय उग्र रूप ले सकता है। इसकी पूरी जिम्मेदारी केंद्र और प्रदेश की सत्तासीन भाजपा सरकार की होगी। जुलूस में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी एवं आम नागरिक शामिल रहे, जिन्होंने एक स्वर में बिल वापसी की मांग दोहराई।




