मऊ : उपजिलाधिकारी ने दिया प्रशिक्षण, 48 घंटे में कॉल बैक के सख्त निर्देश

बीएलओ एप पर बुक ए कॉल की व्यवस्था को लेकर बीएलओ व सुपरवाइजरों को दिया गया पुनः प्रशिक्षण
संवाददाता/ सतीश कुमार पांडेय
घोसी।उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बुक ए कॉल व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से सुपरवाइजरों एवं बूथ लेवल ऑफिसरों को पुनः प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान बीएलओ एप के समुचित उपयोग, समयबद्ध कॉल बैक तथा मतदाताओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। तहसील सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी घोसी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति अथवा मतदाता बीएलओ एप पर बुक ए कॉल के अंतर्गत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को कॉल करता है, तो संबंधित बीएलओ का दायित्व होगा कि वह उस मतदाता को बीएलओ एप के माध्यम से 48 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से कॉल बैक करे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी दशा में फोन करने वाले व्यक्ति से बातचीत कर उसकी समस्या को सुनना, उसका समाधान करना तथा समाधान की जानकारी मतदाता को देना आवश्यक है। कार्यक्रम में तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय समेत सभी सुपरवाइजर उपस्थित रहे।




