मिर्जापुर : सिरसी बांध से प्रभावित किसान मंत्री स्वतंत्र देव से मिले,समाधान की मांग

तारा त्रिपाठी
मिर्जापुर। मड़िहान क्षेत्र के सिरसी बांध से प्रभावित किसानों ने बरौधा फिडर माइनर क्रासिंग बारीपुर माइनर में पम्प लगवाकर सिंचाई समस्या के स्थायी समाधान की मांग को लेकर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से मुलाकात करने पहुँचें। किसानों ने बताया कि वे क्षेत्र के सीमांत व लघु कृषक हैं और उनकी आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर है, जबकि खेती के लिए पानी सबसे अहम संसाधन है।किसानों ने अवगत कराया कि पूर्व में धनरौल बांध से मड़िहान शाखा से निकली बारीपुर माइनर द्वारा ग्राम कन्हईपुर अतरी उत्तर, अतरी दक्षिण, रामपुर अतरी और चाल्हा के सीमांत, लघु, मध्यम व बड़े काश्तकारों की भूमि सिंचित होती थी।
लेकिन बीते करीब 25 वर्षों से सिरसी बांध से निकली बरौधा फिडर माइनर के जल प्रभाव के कारण कन्हईपुर अतरी उत्तर स्थित बारीपुर माइनर अवरुद्ध हो गई है। इसके चलते बारीपुर माइनर में पानी आना पूरी तरह बंद हो गया है और किसानों को सिंचाई के अभाव में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने मांग की कि बरौधा फिडर माइनर क्रासिंग, बारीपुर माइनर स्थित कन्हईपुर अतरी उत्तर में गजरी नक्शे में दर्शाए गए बिंदु क, ख, ग और घ पर पम्प लगवाया जाए अथवा पाइप लाइन के माध्यम से दोनों हिस्सों को जोड़ा जाए। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित पम्प से लगभग 10 हजार बीघा भूमि की सिंचाई संभव होगी, जिससे उपेक्षित काश्तकारों को बड़ा लाभ मिलेगा और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे।




