गाजीपुर : छठ महापर्व को लेकर गंगा घाटों का जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया जायज़ा

घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग एवं विद्युत पोलों को सुरक्षित रूप से कवर करने की व्यवस्था दिया निर्देश
गाजीपुर । छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने छठ घाटों में सर्वप्रथम सिकंदरपुर घाट का जायजा लिया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक घाट तक आने वाले मार्गों पर स्पष्ट रूप से ‘जाने का रास्ता’ अंकित करते हुए संकेतक बोर्ड लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग एवं विद्युत पोलों को सुरक्षित रूप से कवर करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक घाट पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती तथा लाइफ जैकेट सहित पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों के साथ नौकायन कर घाटों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने पीरनगर घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग एवं श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं।




