लखनऊ : विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027, प्रदेश के सभी जनपदों में 20 नवंबर से संचालित होंगे ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र

प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की दी जाएगी जानकारी
लखनऊ । आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत प्रदेश में ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रति मतदाताओं को जागरूक करने तथा उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी देने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जनपदों में ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र (EDCs) स्थापित किए जाएंगे। इन केन्द्रों का संचालन 20 नवंबर 2026 से प्रारम्भ होकर विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ईवीएम मैनुअल के प्रावधानों एवं निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुसार ईवीएम एवं वीवीपैट के प्रदर्शन, प्रशिक्षण तथा मतदाता जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक जनपद में जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी मुख्यालय/तहसील मुख्यालय पर ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। इन केन्द्रों के माध्यम से मतदाताओं को बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे वे मतदान की पूरी प्रक्रिया को समझ सकें और वीवीपैट में मुद्रित होने वाली पेपर पर्ची को भी देख सकें।
प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम के लिए आयोग के निर्देशानुसार कुल मतदेय स्थलों की संख्या के सापेक्ष अधिकतम 10 प्रतिशत तक एफएलसी ओके ईवीएम एवं वीवीपैट का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक मशीनों को ईएमएस पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए चिह्नित किया जाएगा। मशीनों को वेयरहाउस से निकालते समय राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सूचित कर उपस्थित रहने का अवसर दिया जाएगा तथा पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए प्रयुक्त मशीनों की सूची मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदर्शन के दौरान बैलेट यूनिट में नमूने के बैलेट पेपर का प्रयोग किया जाएगा, जिसमें प्रत्याशियों के स्थान पर डमी नाम एवं उनके सामने डमी चुनाव चिह्न अंकित होंगे। वीवीपैट में भी तदनुसार डमी चुनाव चिह्न अपलोड कराए जाएंगे। प्रदर्शन के समय बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट को इस प्रकार रखा जाएगा कि मतदाता वीवीपैट में मुद्रित पर्ची को स्पष्ट रूप से देख सकें। वीवीपैट को सीधे सूर्य के प्रकाश अथवा हैलोजन जैसी तीव्र रोशनी में नहीं रखा जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए निकाली गई सभी कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट एवं वीवीपैट पर पीले रंग का ‘जागरूकता एवं प्रशिक्षण’ अंकित स्टीकर लगाया जाए। मशीनों के कैरी केस पर भी यह स्टीकर अनिवार्य रूप से लगाया जाएगा। इन मशीनों का उपयोग प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता, दोनों कार्यों के लिए किया जा सकेगा। प्रत्येक ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र पर एक रजिस्टर रखा जाएगा, जिसमें केन्द्र पर आने वाले मतदाताओं की संख्या तथा प्रदर्शन के दौरान ईवीएम में रिकॉर्ड किए गए मतों का प्रतिदिन विवरण दर्ज किया जाएगा। प्रतिदिन प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कंट्रोल यूनिट का परिणाम क्लियर किया जाएगा तथा वीवीपैट ड्रॉप बॉक्स से पेपर स्लिप निकालकर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नामित अधिकारी के माध्यम से श्रेडिंग मशीन से विनष्ट कराई जाएगी। अगले दिन प्रदर्शन प्रारम्भ करने से पहले भी निर्धारित प्रक्रिया का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा, सुरक्षित भंडारण एवं रख-रखाव के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित एसओपी का कड़ाई से अनुपालन किया जाए। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए निर्धारित मशीनों को मतदान में प्रयुक्त ईवीएम तथा एफएलसी स्ट्रांग रूम से अलग, पृथक रूप से निर्धारित सुरक्षित वेयरहाउस में रखा जाएगा। इस वेयरहाउस में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा सुरक्षा की दृष्टि से 24 घंटे कम से कम हाफ सेक्शन पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस बल का ड्यूटी रोस्टर भी तैयार किया जाएगा। वेयरहाउस को खोलने एवं बंद करने तथा मशीनों का लॉगबुक में लेखा-जोखा रखने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा अधिकारी नामित किया जाएगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र पर पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। केन्द्रों पर ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र से संबंधित बैनर, स्टैंडी एवं साइनेज इस प्रकार लगाए जाएं कि वे सभी दिशाओं से स्पष्ट दिखाई दें। प्रत्येक केन्द्र पर ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली से भली-भांति परिचित एक अधिकारी/कार्मिक की तैनाती की जाएगी, जो मतदाताओं को पूरी प्रक्रिया समझाने के साथ उनकी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान भी कर सकेगा। प्रदेश के सभी ईवीएम प्रदर्शन केन्द्र प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। इन केन्द्रों पर संचालित जागरूकता कार्यक्रमों का मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित रिटर्निंग अधिकारी प्रतिदिन कार्यक्रमों का पर्यवेक्षण करेंगे तथा जागरूकता गतिविधियों से संबंधित फोटो अपने आधिकारिक एक्स हैंडल एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करेंगे। कार्यक्रम की प्रगति एवं निर्धारित प्रारूप में सूचना मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को प्रत्येक सप्ताह उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देशित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी ईवीएम मैनुअल को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर लें, ताकि 20 नवंबर 2026 से प्रदेश के सभी निर्धारित केन्द्रों पर ईवीएम एवं वीवीपैट का प्रदर्शन एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम सुचारु रूप से प्रारम्भ किया जा सके।



