Slide 1
Slide 1
चंदौली

एचआईवी जागरूकता शिविर का सफल आयोजन


चंदौली। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के तत्वावधान में टी.आई. यू.पी.एन.पी. प्लस, चंदौली द्वारा डोमन बस्ती में समुदाय आधारित शिविर के माध्यम से नियमित स्वास्थ्य जांच, एचआईवी/एड्स जागरूकता एवं निःशुल्क एचआईवी जांच शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान कुल 89 लोगों की निःशुल्क एचआईवी जांच की गई, जिसमें 4 पुरुष संभावित एचआईवी पॉजिटिव पाए गए। इनमें से एक व्यक्ति की पुष्टि जांच जिला अस्पताल में की गई, जहाँ उसे एचआईवी पॉजिटिव घोषित किया गया, तथा आगे की चिकित्सीय प्रक्रिया प्रगति पर है। शेष सभी लाभार्थियों की रिपोर्ट निगेटिव पाई गई। संभावित एचआईवी पॉजिटिव पाए गए व्यक्तियों की पहचान को पूर्णतः गोपनीय रखते हुए, नियमानुसार उनकी पुष्टि जांच, परामर्श एवं उपचार हेतु संबंधित एआरटी सेंटर से जोड़ने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
शिविर में उपस्थित सभी लाभार्थियों को प्रशिक्षित काउंसलर सुश्री अर्चना द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। साथ ही समुदाय के लोगों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। इस अवसर पर 3280 कंडोम एवं 2240 नीडल-सिरिंज का निःशुल्क वितरण किया गया तथा संक्रमण के कारण, लक्षण, बचाव के उपाय एवं सुरक्षित यौन व्यवहार के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। शिविर में निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत समुदाय लीडर बाबा द्वारा की गई। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स के प्रति सही जानकारी और समय पर जांच ही संक्रमण को नियंत्रित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एचआईवी पॉजिटिव पाए जाने पर घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि सरकारी स्वास्थ्य प्रणाली द्वारा मरीज की जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखते हुए निःशुल्क उपचार एवं सहयोग प्रदान किया जाता है, जिससे व्यक्ति सामान्य एवं स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकता है।
इस अवसर पर ऑटो स्टैंड प्रतिनिधि बाबा एवं विकास ने शिविर का उद्घाटन करते हुए कहा कि समुदाय के प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर उच्च जोखिम समूह से जुड़े महिला एवं पुरुषों को नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविरों में भाग लेना चाहिए। उन्होंने इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया तथा सभी नागरिकों से जांच कराने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रोजेक्ट मैनेजर जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा—
“समुदाय को जागरूक करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। समय पर जांच और सही जानकारी के माध्यम से एचआईवी को नियंत्रित किया जा सकता है। मैं सभी लोगों से अनुरोध करता हूँ कि वे नियमित स्वास्थ्य जांच शिविरों में भाग लें।”
यह शिविर लक्षित हस्तक्षेप परियोजना (टीआई) एवं टी.आई. यू.पी.एन.पी. प्लस, चंदौली के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विश्व एड्स दिवस के संदेश—
‘बढ़ाएँ दरकिनार, एचआईवी पर सशक्त प्रहार’
के अनुरूप समुदाय को जागरूक करना था।
शिविर में फील्ड ऑफिसर चौथी, सुश्री सोनी, दुर्गेश, दिवांशु, विकास, सुश्री अर्चना, सत्य, अमन सहित अन्य स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
अंत में लोगों को बताया गया कि एचआईवी/एड्स से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1097 पर संपर्क किया जा सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button