Slide 1
Slide 1
ब्रेकिंग न्यूज़लखनऊ

लखनऊ : मुख्यमंत्री ने ‘पराक्रम दिवस’ पर ‘ब्लैकआउट मॉकड्रिल’ का अवलोकन किया

लखनऊ।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज यहां रिजर्व पुलिस लाइन्स में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयन्ती ‘पराक्रम दिवस’ के अवसर पर आपातकालीन स्थिति से बचाव एवं जागरूकता हेतु आयोजित ‘ब्लैकआउट मॉकड्रिल’ का अवलोकन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से पूरा देश आज भारत माता के महान सपूत एवं स्वाधीनता आन्दोलन के महानायक नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की पावन जयन्ती को ‘पराक्रम दिवस’ के रूप में मना रहा है। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस ने आजादी के आन्दोलन में हम सभी को नेशन फर्स्ट का भाव दिया था। उन्होंने भारत की स्वाधीनता के लिए आजाद हिन्द फौज का गठन किया था तथा भारत की नारी शक्ति की सामर्थ्य को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए रानी लक्ष्मीबाई ब्रिगेड गठित की थी। भारत की आजादी के लिए नेताजी ने देश व विदेश में जो योगदान दिया, उसके लिए हर भारतवासी उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करता है।

एक ‘राष्ट्रनायक’ के रूप में उन्हें सम्मान देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी के प्रति सम्मान का भाव व्यक्त करने के लिए उत्तर प्रदेश नागरिक सुरक्षा संगठन की ओर से इस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया है। यह मॉकड्रिल हम सभी को सम और विषम परिस्थितियों के साथ युद्धकाल व शान्तिकाल, आपदा या आकस्मिक दुर्घटना के प्रति हमेशा तैयार रहने के लिए प्रेरित करती है। आज यहां आयोजित मॉलड्रिल की तरह सभी जनपदों में भी मॉकड्रिल कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। राज्य सरकार ने प्रदेश में एस0डी0आर0एफ0 के माध्यम से भी आपदा मित्रों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। आपदा मित्र के रूप में जो स्वयंसेवक कार्य करेंगे, उन्हें उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती में हम प्राथमिकता देंगे।

वर्तमान में 45,000 होमगार्ड्स भर्ती प्रक्रिया चल रही है। नवचयनित होमगार्ड्स को आपदा मित्र के रूप में भी प्रशिक्षित किया जाए, जिससे वे फर्स्ट रिस्पॉण्डर के रूप में कार्य कर रहे नागरिक सुरक्षा संगठन के स्वयंसेवकों का सहयोग कर सकें। कार्यक्रम को होमगार्ड्स तथा नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ0 लालजी प्रसाद ‘निर्मल’, रामचन्द्र प्रधान, विधायक नीरज बोरा, ओ0पी श्रीवास्तव, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, सलाहकार मुख्यमंत्री अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव नागरिक सुरक्षा संयुक्ता समद्दार सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ, नागरिक सुरक्षा संगठन से जुड़े हुए स्वयंसेवक उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button