आजमगढ़: स्नानघर बुलडोजर से तोड़ने का प्रयास, लोगों में रोष

गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़। जिले के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के जगदीशपुर में सोमवार रात ऐतिहासिक पोखरा के स्नानघर को तोड़ने के प्रयास से हड़कंप मच गया। विवादित जमीन पर बुलडोजर चलने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और धरोहर की सुरक्षा का आश्वासन दिया।मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात एक पक्ष की ओर से बुलडोजर लगाकर जगदीशपुर स्थित ऐतिहासिक पोखरा के स्नानघर को तोड़ने की कोशिश की गई। ग्राम प्रधान बृज भान यादव ने इसका विरोध करते हुए मंडलायुक्त को शिकायत दी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने जांच टीम भेजी, जिसने धरोहर की सुरक्षा का आश्वासन दिया।मंगलवार को एडीएम, सीआरओ और अपर आयुक्त अर्चना द्विवेदी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। अपर आयुक्त ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही। इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सूरज श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष भानुप्रताप चौहान, संजय राय, शैलेश यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।बताया जा रहा है कि जगदीशपुर की बेशकीमती जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस जमीन पर सिविल कोर्ट और हाई कोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है तथा मंडलायुक्त द्वारा स्टे भी दिया गया है। बावजूद इसके, दबंगों ने आंशिक तोड़फोड़ कर जमीन पर कब्जे की कोशिश की, जबकि ग्राम प्रधान का कहना है कि जिस हिस्से में पोखरा और स्नानघर स्थित हैं। उसमें कोई विवाद नहीं है।




