देवरिया : अराजक तत्वों ने स्वतंत्रता सेनानी खजड़ी वाले बाबा की मूर्ति किया क्षतिग्रस्त


देवरिया। जनपद के खामपार थाना क्षेत्र स्थित बंगरा बाजार तिराहे पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भागवत भगत ‘खजड़ी वाले बाबा’ की मूर्ति को बृहस्पतिवार की रात्रि में अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस घटना की जानकारी शुक्रवार भोर में स्थानीय लोगों को हुई। जब इस घटना की जानकारी लोगो को हुई तो स्थानीय लोगों सहित आसपास के ग्रामीण में भी में भारी आक्रोश फैल गया। मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही आक्रोशित लोगों ने बंगरा बाजार तिराहे पर ट्रॉली-ट्रैक्टर और मेज लगाकर आवागमन बाधित कर मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर प्रदर्शन करने लगे और धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।मौके पर पहुंचे खामपार थानाध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों से बात की, लेकिन वे उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। जाम के कारण सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे राहगीरों को परेशानी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताते चले भागवत भगत, जिन्हें स्थानीय लोग ‘खजड़ी वाले बाबा’ के नाम से जानते हैं, स्वतंत्रता संग्राम के दौरान नमक सत्याग्रह आंदोलन में सक्रिय निभाए थे। वे खजड़ी नामक वाद्य यंत्र बजाकर अंग्रेजों के खिलाफ जनचेतना जगाते थे। उनकी स्मृति में प्रतिवर्ष बंगरा बाजार में उनकी जयंती पर एक विशाल कृषि मेले का आयोजन किया जाता है, जो क्षेत्र की संस्कृति और इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है। घटना की सूचना पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि भी पहुंच कर इस घटना पर आक्रोश व्यक्त कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी सी कड़ी सजा देने की प्रशासन से मांग की।




