रात में आई अपराधियों की शामत, दो मुठभेड़ों में 3 बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे

फायरिंग के दौरान तीनों बदमाशों के पैरों में लगी गोली
आकाश वर्मा
आगरा। प्रदेश में तेजी से ऑपरेशन लंगड़ा अपराधियो की कमर तोड़ने का काम कर रहा है जिसमें आगरा भी पीछे नहीं है। इसी कड़ी में शहर में अपराध पर नकेल कसने के प्रयास में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देर रात हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में पुलिस ने तीन बदमाशों को गोली लगने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। दोनों घटनाओं में बदमाशों ने पुलिस पर जानलेवा हमला किया, जिसके जवाब में पुलिस ने साहसिक कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ लिया।
पहली मुठभेड़-
एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में पथौली-बिचपुरी लिंक रोड पर चेकिंग के दौरान संदिग्धों को रोकने पर बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश राहुल और दिलीप घायल हो गए। दोनों को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बाइक, दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक नाल में फंसा कारतूस बरामद किया है।
दूसरी मुठभेड़-
दूसरी मुठभेड़ सुबह थाना रकाबगंज क्षेत्र में बालूगंज नई बस्ती मोड़ पर हुई, जहां पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्धों ने रुकने की बजाय फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश इमरान कुरैशी को घायल कर दबोच लिया, जबकि उसका साथी समीर उर्फ सनी भाग निकला। इमरान के पास से एक तमंचा, खोखा, जिंदा कारतूस और एक बोरे में रखा प्रतिबंधित गाय का मांस बरामद हुआ है। पुलिस फरार साथी की तलाश में जुटी है।
एसीपी सदर सुकन्या शर्मा ने बताया कि बालूगंज चौकी के पास पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। तभी दो लोग स्कूटी पर आते दिखाई दिए। ये पुलिस को देखकर भागने लगे। पीछा करने पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश इमरान उर्फ बबुआ के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी सनी भागने में सफल रहा। इसके पास से मांस भी बरामद हुआ। पशु चिकित्साधिकारी को बुलाकर मांस का सैंपल लिया गया।




