प्रेम प्रसंग में हुई थी चंदन की हत्या, दो गिरफ्तार

बलिया। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपाशंकर ने फोटोग्राफर चंदन कुमार हत्याकांड का सोमवार को खुलासा कर दिया। चंदन की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग की वजह सामने आई है। घटना में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार करने के साथ ही पुलिस ने उनके पास से तीन चाकू भी बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी कृपा शंकर ने बताया कि 22 मार्च को रेवती थाने पर मृतक के पिता ने तहरीर देकर बताया कि 18 मार्च की रात करीब साढ़े आठ बजे मेरा पुत्र चन्दन कुमार घर पर खाना खा रहा था, तभी गांव के ही सुरेन्द्र पुत्र मोती यादव, श्रीभगवान पुत्र मोती यादव, बलि यादव पुत्र जवाहर यादव, दीपक यादव पुत्र बीरबल यादव निवासीगण मानगढ़ थाना रेवती व रोहित यादव पुत्र चिलर यादव निवासी दहियावा थाना सारण जिला सारण छपरा बिहार मेरे घर आये और मेरे पुत्र को मेरे सामने अपने साथ लेकर चले गए। चंदन घर नहीं आया तो मैं काफी खोजबीन किया। इसबीच मेरे पुत्र का शव गेंहू के खेत में मिला। मेरे पुत्र की निर्मम तरीके से हत्या की गई हैं। पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर घटना के शीघ्र अनावरण के लिए टीम का गठन कर प्रयास शुरू कर दी। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों को संबंधित धाराओं में चालान कर न्यायालय भेज दिया। वहां से दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।




