
हरित संगम में पर्यावरण संरक्षण पर मंथन, प्रदूषण मुक्त हो धरा का लिया संकल्प
सुशील कुमार मिश्र/वाराणसी
विश्व पृथ्वी दिवस के पूर्व रविवार को सिगरा स्थित नगर निगम शहीद उद्यान में हरित संगम कार्यक्रम का आयोजन किया गया।पर्यावरण संरक्षण गतिविधि काशी प्रांत द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण प्रेमियों का जुटान हुआ।विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी विभागों सहित समाज के सक्रिय कई सामाजिक संस्थाओं, बड़े व्यावसायिक संगठनों ने एक मंच पर आकर पर्यावरण के प्रति एकजुटता दिखायी।धरा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सभी संकल्पित हुए।पंचतत्वों में प्रधान जल तत्व के संरक्षण समेत अधिक से अधिक पौधारोपण व उनके संरक्षण, जहरीले सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निस्तारण की विधि पर सभी ने अनुभव साझा किए। प्रदर्शनी में घरेलू किचन वेस्ट से कंपोस्ट खाद बनाना, मिट्टी के मैजिक बॉल बनाना, प्लास्टिक वेस्ट से ईको ब्रिक्स बनाने के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए लोगों में विशेष उत्सुकता दिखी। मुख्य द्वार पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती आकर्षक रंगोली चांदनी विश्वकर्मा द्वारा तैयार किया गया था। वन विभाग की ओर से पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में शामिल लोगों को इको फ्रेंडली उपहार भी दिए गए। कार्यक्रम की प्रस्तावना डा. शिवेश्वर राय ने प्रस्तुत की।कार्यक्रम में उपस्थित प्रांत प्रचारक रमेश ने संबोधन के दौरान कहा कि निजी जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर हम देश को हराभरा रखने का प्रयत्न करें। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्रा दयालु ने बताया कि सरकार की ओर से करोड़ों पौधे लगाएं जा चुके हैं व उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की गयी है।

नमामि गंगे ने गंगा की ओर से जिला संयोजक शिवम् अग्रहरि ने कहा कि सप्ताह में सिर्फ एक दिन एक घंटे समय दें तो मां गंगा निर्मल हो सकती है।संस्थाओं ने पर्यावरण से जुड़ी प्रभावी प्रयोगों को किया साझा
कई सामाजिक संस्थाओं ने अपने अच्छे प्रयोगों को साझा किया। जिनमें लोक भारती के डॉ रणविजय राय ने किचन वेस्ट से कंपोस्ट बनाने का उदाहरण प्रस्तुत किया। शिव शक्ति सेवा फाउंडेशन से प्रीति रवि जायसवाल ने कचड़े में जाने वाली सिंगल यूज़ प्लास्टिक से इको ब्रिक्स तैयार किया। जिनसे घरेलू प्रयोग की वस्तुओं को बनाया जा सकता है।गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार देवेंद्र बसनेट ने बताया कि सेना पर्यावरण के विभिन्न आयामों से जुड़कर कार्य कर रही है।
पर्यावरण गतिविधि के प्रान्त संयोजक मनोज जी ने हरित घर का विषय रखा और अपनी जीवन शैली पर्यावरण पूरक बनाने पर जोर दिया।वाराणसी मंडल के वन संरक्षक रवि कुमार सिंह, नारायण दास सर्राफ एंड ज्वेलर्स के आदित्य अग्रवाल, सिल्की अग्रवाल, राकेश टंडन, सृजन विकास न्यास के अध्यक्ष अनिल सिंह, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत सहसंयोजक डॉ मनोज कुमार, शिवेश्वर राय, पंकज, चंद्रभूषण आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। धन्यवाद ज्ञापन क्षेत्र पर्यावरण गतिविधि संयोजक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अजय व कार्यक्रम का संचालन डॉ. आहुति सिंह (डीएवी कॉलेज ईएनओ) ने किया। इसके साथ ही सिप्पा के प्रशिक्षित युवा कार्यकर्ताओं की टोली मौजूद थीं।




