
गाजीपुर। राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत ने बुधवार को जिले के सैनिकों की समस्या राज्य सभा में दमदारी से उठाई है। इसको लेकर सैनिकों में उत्साह और खुशी हैं। उम्मीद हैं कि जल्द ही जिले में भी सैनिकों को बेहतर कैंटीन व मेडिकल जैसी जरूरी सुविधा उपलब्ध होगी।
श्रीमती बलवंत ने सदन के माध्यम से जिले के परमवीर चक्र विजेता वीर अब्दुल हमीद, रामउग्रह पांडे, माना सिंह, हरेंद्र यादव, शेषनाथ यादव सहित सैकड़ों शहीदों की 200 वीरांगनाओं के साथ ही सभी सेनाओ से 30026 सेवानिवृत्ति सैनिक हैं व करीब 40000 की संख्या में सैनिक वर्तमान में सेवारत हैं। बावजूद सैनिकों के कल्याण एवं सुविधा के लिए जिले में सीएसडी कैंटीन नहीं है। यहां कैंटीन के नाम पर 39 जीटीसी वाराणसी का एक्सटेंशन काउंटर है जो जिले के सैनिकों के लिए पर्याप्त नहीं है। सैनिकों को सामान व लीकर लेने के लिए 100 किलोमीटर की दूरी तय करके वाराणसी जाना पड़ता है। इससे वृद्ध सैनिक अपना सामान लेने से वंचित रह जाते हैं। श्रीमती बलवंत ने कहा कि जिले में सैनिकों की सुविधा के लिए सीएसडी कैंटीन बनाया जाना अति आवश्यक है।
कहा कि यही नहीं ईसीएचएस जो सैनिकों के लिए मेडिकल सुविधा है उनके लिए भी सैनिकों को वाराणसी का जाना पड़ता हैं। यह स्थिति सैनिक व उनके परिवार जनों के लिए असुविधा का कारण बना हुआ है। उन्होंने राज्यसभा के सभापति से अपील किया कि जिले को जल्द से जल्द सीएसडी कैंटीन व ईसीएचएस खोला जाये ताकि, जिले के सैनिकों को कोई असुविधा न हो।




