
असगर अली/देवरिया। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में पानी की टंकी में कई दिनों से बदबू आ रही थी तथा स्थलीय निरीक्षणोपरान्त पाया गया कि उक्त पानी की टंकी में एक सडी गली डेड बॉडी मिली थी, जो कई दिनों से टंकी में थी। इस कारण जन स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को गम्भीर खतरा उत्पन्न हुआ है।उक्त प्रकरण को संज्ञान लेते हुए विस्तृत जांच के लिए शासन के पत्र संख्या-151/71-3-2025 दिनांक 07.10.2025 द्वारा जिलाधिकारी देवरिया को जांच अधिकारी नामित करते हुए जांच की कार्यवाही शुरू कर दी गयी है। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के सोसायटी बायलाज के प्रस्तर-31(7) में वर्णवित प्राविधान के क्रम में जांच की कार्यवाही पूर्ण होने तक स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय देवरिया के प्रधानाचार्य डा० राजेश कुमार बरनवाल को कार्यालय महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण से सम्बद्ध किया गया है।डा० बरनवाल के महानिदेशालय में सम्बद्ध होने के कारण रिक्त प्रधानाचार्य स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के पद पर सम्यक विचारोपरान्त डा० रजनी, आचार्य एवं विभागाध्यक्ष, एनाटमी विभाग, स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय एटा को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, देवरिया के कार्यवाहक प्रधानाचार्य का कार्यभार अग्रिम आदेशों तक प्रदान किया गया है।




