सोनभद्र : अंतरजनपदीय साइबर गैंग के चार ठगों को पुलिस ने दबोचा

नंगी तस्वीर वायरल करने की धमकी दे युवती का उत्पीडन
डॉ एके राय
सोनभद्र। साइबर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार साइबर ठगों को कानपुर में गिरफ्तार कर लिया।
बताते चलें कि आवेदिका कु. सुषमा गुप्ता पुत्री संजीव गुप्ता, निवासी म्योरपुर, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र को अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताकर उनसे गाली-गलौज करते हुए धन की मांग करने लगा। उस अज्ञात व्यक्ति ने सुषमा गुप्ता को धमकी दी कि उसकी नंगी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। उसने मोबाइल हैक कर धन उगाही करने का गंभीर अपराध किया था।
इस संबंध में थाना म्योरपुर पर आईटी एक्ट व अन्य सम्बंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। कप्तान द्वारा इस प्रकरण की विवेचना साइबर क्राइम पुलिस थाना सोनभद्र को सुपुर्द करते हुए अभियुक्तों के गैंग के अनावरण हेतु निर्देशित किया गया। उक्त निर्देशों के क्रम में निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम को जनपद कानपुर नगर भेजा गया। वहाँ स्थानीय पुलिस के सहयोग से कानपुर कमिश्नरेट क्षेत्र से साइबर ठगी करने वाले संगठित गैंग का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में सुरेन्द्र कुमार पुत्र जयप्रकाश, निवासी मसवान, थाना रावतपुर, जनपद कानपुर, गोलू राजपूत पुत्र सत्यपाल, निवासी आवास विकास कॉलोनी, थाना कल्याणपुर, जनपद कानपुर नगर, मो. जुनैद पुत्र निजामुद्दीन, निवासी 39/192 विकनगंज, जनपद कानपुर तथा अनुराग सिंह पुत्र ज्ञानेन्द्र सिंह, निवासी 293 गोपालपुर, थाना पनकी, जनपद कानपुर नगर रहे। पुलिस टीम ने इनके कब्जे से सात मोबाइल फोन, विभिन्न व्यक्तियों के नाम से आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं विभिन्न बैंकों के खातों से संबंधित दस्तावेज बरामद किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह लोग आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लालच देकर उनके नाम पर सिम कार्ड प्राप्त कर उन्हें साइबर अपराध में प्रयुक्त करते थे। सिम विक्रेता द्वारा अपने पी.ओ.एस. मशीन से वैध-अवैध रूप से सिम एक्टिवेट कर उन्हें साइबर ठगों को सप्लाई किया जाता था। अभियुक्तगण अश्लील वीडियो देखने के नाम पर लोगों को फंसाकर ए.आई. तकनीक से फर्जी न्यूड फोटो तैयार कर धमकी देकर धन उगाही करते थे।
इसके अतिरिक्त ब्लॉक हो चुके नंबरों को गुमशुदगी दर्शाकर पुनः एक्टिवेट कर अपराध में इस्तेमाल किया जाता था। अभियुक्तों द्वारा अब तक सौ से अधिक सिम कार्डों का प्रयोग कर देशभर में साइबर ठगी की गई है। जनपद सोनभद्र के भी कई पीड़ितों की जानकारी सामने आई। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें न्यायालय के सुपुर्द किया गया।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी, मुख्य आरक्षी संजय वर्मा, आरक्षी अखिलेश कुमार यादव व हृदेश यादव साइबर क्राइम पुलिस थाना, सोनभद्र, आरक्षी अजीत कुमार, एसओजी(स्वाट टीम),सोनभद्र और आरक्षी रामजीत बिन्द, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र शामिल रहे।




