आजमगढ़:शौच के बहाने भागी दुल्हन,शादी के नाम पर लाखों ठगी

गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़। एक व्यक्ति से 1.05 लाख रुपये लेकर दुल्हन बनी महिला विवाह के कुछ ही घंटों बाद शौच का बहाना बनाकर भाग गई। पीड़ित राजस्थान का रहने वाला है और मामले की शिकायत लेकर रौनापार थाने में बैठा है। मूल रूप से ग्राम लवान, थाना लवान, जनपद दौसा (राजस्थान) निवासी सूरज बैरवा दिल्ली में प्रहलाद विहार, कृष्णा कॉलोनी में रहकर काम करता है।
वहीं उसकी मुलाकात बबलू नामक युवक से हुई, जिसने उसकी शादी की बात करवाई। सूरज ने बताया कि 13 जून को उसे आजमगढ़ बुलाकर रोडवेज के पास एक होटल में ठहराया गया, जहां बबलू और साधना नाम की महिला ने उसे एक लड़की से मिलवाया। कुछ ही घंटों में साड़ी, सिंदूर व माला आदि लाकर घर में ही शादी करवा दी गई।लड़की के परिजन बताए जा रहे लोग वहां मौजूद थे। शादी के नाम पर सूरज से 1.05 लाख की वसूली की गई। उससे ऑनलाइन 60 हजार रुपये, 30 हजार नकद, 10 हजार पहले और पांच हजार रुपये शादी के नाम सामान की खरीदारी के नाम पर लिए गए। शादी के बाद भंवरनाथ बस स्टेशन ले जाया गया, जहां से दोनों को दिल्ली रवाना होना था। लेकिन, शाम 5 बजे दुल्हन ने शौच जाने का बहाना बनाया और भाग गई। जाते-जाते उसने मंगलसूत्र उसे लौटा दिया और कहा कि जिसने शादी कराई है, उसी को लेकर चले जाओ।




