देवरिया : रेलवे ट्रैक पर मिला कार्यवाहक प्रधानाध्यापक का शव।

असगर अली
देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के सकारापार रेलवे ढाले के समीप पिपरपाती गांव के सामने रेलवे ट्रैक से परिषदीय विद्यालय के एक शिक्षक का शव पुलिस ने बरामद किया है। शव मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। परिजन बीएलओ के कार्य के चलते ज्यादा दबाव में होने के चलते ऐसा कदम उठाने का आरोप लगा रहे हैं। मृतक खामपार थाना क्षेत्र के रहने वाले जयश्याम प्रसाद (42) परिषदीय विद्यालय में शिक्षक थे और इन दिनों उनकी तैनाती परिषदीय विद्यालय डेमूसा में कार्यवाहक प्रधानाध्यापक के पद पर थी। शहर के तिलई बेलवा के समीप मकान बनवा कर रहते थे। बुधवार की शाम वह घर से टहलने के लिए निकले थे।लेकिन देर रात तक वह लौट कर घर नहीं आए। गुरुवार की भोर में किसी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि पिपरपाती के समीप रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़ा है। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।
शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। परिजनों का आरोप है कि वह प्रभारी प्रधानाध्यापक थे और बीएलओ का कार्य भी देख रहे थे। इन दिनों वह बहुत दबाव में चल रहे थे। हर दिन लोग उन्हें गांव से मतदाता सूची को लेकर फोन करते थे औरअधिकारियों का अलग दबाव था। मौत की सूचना घर पहुंचते ही पत्नी आशा देवी दहाड़ मारकर रोने लगी और रोते-रोते बेहोश हो जा रही थी। मृतक को एक बेटी कनक व एक बेटा सिद्धार्थ है। इस घटना के बाबत सदर कोतवाल विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। उपजिलाधिकारी रत्नेश तिवारी ने बताया कि एसआईआर अथवा बीएलओ ड्यूटी के दबाव से आत्महत्या की बात को खारिज कर उन्होंने कहा कि वर्तमान में एसआईआर को लेकर किसी प्रकार का दबाव नहीं है। प्रारंभिक जानकारी में मामला संदिग्ध है एसआईआर के दबाव को मौत से जोड़ना निराधार है।




