फतेहपुर:आरोपों पर रेडक्रास चेयरमैन का पलटवार, कहा— सेवा पर सवाल उठाना मानवता का अपमान

शिबू खान
फतेहपुर। विगत दिनों सर्व फार ह्यूमैनिटी एवं व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा इंडियन रेडक्रास सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन व उत्तर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. अनुराग श्रीवास्तव पर लगाए गए आरोपों के प्रतिउत्तर में शनिवार को हीरा लाज में एक प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि वे वर्ष 2012 से निरंतर राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सेवा कार्य करते आ रहे हैं। वर्ष 2023 में रेडक्रास चेयरमैन निर्वाचित होने के बाद सेवा कार्यों का दायरा और बढ़ा, जिसके अंतर्गत नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि रक्तदान शिविरों के संचालन के लिए गुरमीत सिंह को रेडक्रास कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया था, लेकिन उनके द्वारा शिविर आयोजित करने से इंकार करने के बाद स्वयं प्रयास कर प्रत्येक माह, कई बार माह में तीन से चार रक्तदान शिविर आयोजित कर जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों की सहायता की गई। डॉ. अनुराग ने कहा कि बीते तीन वर्षों से गुरमीत सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ लगातार नकारात्मक पोस्ट की जाती रही, लेकिन उन्होंने कभी प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 8 मई 2025 को रेडक्रास दिवस के अवसर पर आयोजित शिविर में नारेबाजी का आरोप पूर्णतः गलत है। उस दिन रेडक्रास द्वारा अधिकृत शिविर लगाया गया था, जबकि दूसरी ओर से जिला अस्पताल के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की गई थी। 23 जनवरी 2026 और 26 जनवरी 2026 को आयोजित रक्तदान शिविरों को लेकर लगाए गए आरोपों को भी उन्होंने निराधार बताया और कहा कि दोनों शिविरों के लिए जिला अस्पताल रक्त केंद्र द्वारा अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं, ऐसे में किसी भी प्रकार की बाधा का प्रश्न ही नहीं उठता।
उन्होंने दो टूक कहा कि रेडक्रास का मुख्य उद्देश्य रक्तदान है और मानवता के हित में यह सेवा निरंतर जारी रहेगी, जिस पर कोई रोक नहीं लगा सकता। व्यापारी नेता द्वारा जिलाधिकारी एवं सरकारी अधिकारियों पर दबाव बनाने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अनुराग ने कहा कि जिलाधिकारी रेडक्रास के पदेन अध्यक्ष होते हैं और उनके मार्गदर्शन में ही सभी कार्य पारदर्शिता के साथ किए जाते हैं। राज्य स्तर से प्राप्त सामग्री का वितरण चिन्हित जरूरतमंदों को पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया जाता है, इसके अतिरिक्त निजी संसाधनों से भी सेवा कार्य किए जाते हैं। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान डॉ. अनुराग श्रीवास्तव ने यह भी जानकारी दी कि गुरमीत सिंह को रेडक्रास जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्था के विरुद्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संरक्षक सदस्यों, कार्यकारिणी एवं आजीवन सदस्यों की संस्तुति पर तत्काल प्रभाव से कार्यकारिणी सदस्य पद से पदमुक्त कर दिया गया है।
इस अवसर पर वाइस चेयरमैन डॉ. रज़िया सुल्ताना, सचिव अजीत सिंह, संरक्षक सुधाकर अवस्थी एडवोकेट, महेंद्र शुक्ल, आर.के. शुक्ल, पपिंदर सिंह, डॉ. वकील अहमद सिद्दीकी, कार्यकारिणी सदस्य दिलीप कुमार श्रीवास्तव, संजय सिन्हा तथा आजीवन सदस्य कैप्टन लालजी श्रीवास्तव, उमेश कुमार, चैतन्य कुमार, प्रेमचंद्र मौर्य, अभिनव श्रीवास्तव, वेदप्रकाश गुप्ता, सुरेश चंद्र, रामप्रकाश मौर्य, अनिल द्विवेदी, संजय कुमार श्रीवास्तव, हिमांशु श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।




