देवरिया:बरईपार बाबू में युवक का रक्त रंजित शव मिलाः हत्या की आशंका

असगर अली
देवरिया। जनपद के भाटपाररानी थाना क्षेत्र के बरईपार बाबू गांव में मंगलवार सुबह एक बीस वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे पोखरे के पास मिला। इससे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान की। शव की शिनाख्त बनकटा थाना क्षेत्र के कोठीलवा निवासी मन्नू यादव पुत्र उमेश यादव के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर धारदार हथियार के गहरे चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में युवक की हत्या कर शव को यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।घटना की सूचना पर नवागत भाटपार रानी सीओ अंशुमान श्रीवास्तव, एएसपी दक्षिणी सुनील सिंह, एसओजी प्रभारी दीपक कुमार के थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह मय फोर्स के साथ पहुंचे।इस घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि बराईपार बाबू गांव के पोखरे के पास एक युवक का खून से लथपथ शव मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के पिता दुबई में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक डॉ. आशुतोष उपाध्याय मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए अपराधियों के हौसले बुलंद होने की बात कही। पूर्व विधायक ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।कोठीलवा गांव के रहने वाले उमेश यादव दुबई में नौकरी करते हैं। गांव में पत्नी सरिता देवी अपने इकलौते बेटे मनु यादव (20) और बेटी काजू के साथ रह रही थीं। बड़ी बेटी ज्योति की शादी हो चुकी है। मनु ने इंटर करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।सूत्रों के अनुसार कुछ दिन पहले अश्वनी से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, तब लोगों ने बीच बचाव कर मामला सुलझा दिया था। इसके बाद फिर से दोनों साथ में रहने लगे थे।मां सरिता ने बताया कि कल अश्विनी गुप्ता शाम 7 बजे घर आया था। उसने कहा कि एक बर्थडे पार्टी है उसमें चलना है। मनु ने कहा कि बाइक में तेल नहीं है तो अश्विनी ने उसमें पेट्रोल भरवाने की बात कही। इसके बाद दोनों घर से निकल गए। देर रात तक जब मनु घर नहीं पहुंचा तो उसके फोन में कई बार कॉल किया। जब बेटे का फोन नहीं उठा तो परिजनों ने पड़ोसियों को जानकारी दी।गांव वालों के साथ मिलकर रात भर उसे ढूंढते रहे, लेकिन कोई पता नहीं चला। घटना की जानकारी आज सुबह हुई। कुछ ही देर घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर कुछ बोतल और प्लेट्स मिली हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि पहले दोनों ने बैठकर यहां शराब पी। उसके बाद ही घटना को अंजाम दिया गया होगा।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों में भी गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों ने मांग की है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा दी जाए।
घटना की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने मिट्टी, कपड़ों और खून के नमूने इकट्ठे किए। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटनास्थल से अश्विनी की चप्पल बरामद की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवक के गले और पेट पर गहरे घाव हैं और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। अश्वनी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए गांव और आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है।पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने एसओजी, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम बनाई है।उन्होंने बताया कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा। पुलिस अब तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच कर रही है। मृतक और आरोपी के फोन नंबरों को सर्विलांस पर लगाया गया है, जिससे उनकी लास्ट लोकेशन और बातचीत का पता चल सके।




