आजमगढ़: रोडवेज परिसर में डग्गामार वाहन कर्मियों का उत्पात, रोडवेज कर्मी हुए लामबंद

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। मंगलवार को आजमगढ़ रोडवेज परिसर में उस समय हंगामा मच गया जब डग्गामार वाहनों से जुड़े करीब दर्जनभर लोग परिसर में घुस आए और रोडवेज बस में बैठे यात्रियों को जबरन उतारकर अपने वाहनों में बैठाने लगे। यह घटना उस वक्त हुई जब बलिया डिपो की दिल्ली जा रही बस यात्रियों के इंतजार में खड़ी थी। बस के परिचालक कृष्ण कुमार पांडे ने जब इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई और यात्रियों को जबरन खींचकर ले जाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रोडवेज कर्मचारी आक्रोशित हो गए और एकजुट होकर डग्गामार वाहन चालकों को दौड़ाया। दो लोगों को पकड़ लिया गया जबकि अन्य फरार हो गए। पकड़े गए लोगों को रोडवेज कर्मियों ने परिसर में लाकर पुलिस चौकी पर सौंपना चाहा, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इससे नाराज होकर कर्मचारी धरने पर बैठ गए। काफी देर बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। रोडवेज कर्मियों का आरोप है कि आरटीओ और एआरटीओ की मिलीभगत से अवैध डग्गामार वाहन बेरोकटोक चल रहे हैं। लगभग 250 एर्टिगा गाड़ियां लखनऊ के लिए अनाधिकृत रूप से विभिन्न स्थानों से यात्रियों को लेकर जाती हैं। ये वाहन न तो निर्धारित रूट का पालन करते हैं और न ही वैध परमिट का ध्यान रखते हैं। रोडवेज यात्री इन्हीं वाहनों द्वारा छीने जा रहे हैं। कर्मियों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बाद भी प्रशासन और पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।




