बुलंदशहर : युवक की चाकू से गोदकर की हत्या

मोहित त्यागी / बुलंदशहर । थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के देवीपुरा में आपसी विवाद के चलते चाकूबाजी हो गई, जिसमें एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार देवीपुरा में दो युवकों के बीच आपसी कहासुनी हो गई थी। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में हनी नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला देवीपुरा में देर रात करीब 10 बजे चाकूबाजी की घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि देवीपुरा की वाल्मीकि बस्ती में दो स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी और विवाद हो रहा था। इसी दौरान मोहल्ले से गुजर रहे हनी पुत्र जीत, निवासी कोतवाली देहात, जो अपने घर की ओर जा रहा था, ने विवाद होते देख बीच-बचाव करना शुरू कर दिया। बीच-बचाव के दौरान ही उसे चाकू लग गया। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी अभिषेक ने बताया कि पूरे प्रकरण में तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। घटना के अनावरण के लिए 4 अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और लॉ एंड ऑर्डर संबंधी किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।




