
तारा त्रिपाठी
मिर्जापुर। भावा थाना क्षेत्र के राजगढ़ बाजार में नवनिर्मित मकान को गुरुवार की रात अज्ञात जेसीबी से जमीदोज कर दिया गया। मकान गिराने वालों का अभी तक पता नही चल सका है। पीड़ित मकान मालिक ने राजगढ़ थाना पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। सूचना पर पहुची पुलिस मौका मुआयना करने के बाद आरोपियों का सुराग लगाने में जुट गई हैं।थाना क्षेत्र के रामपुर 38 गांव निवासी द्विजेंद्रनाथ मिश्रा का राजगढ़ बाजार में मिर्जापुर सोनभद्र मुख्य मार्ग के किनारे मकान बन रहा था। राजगढ़ बाजार से रामपुर 38 गांव लगभग एक किलोमीटर दूर है। काम बंद होने के बाद रात को मकान मालिक अपने घर चले जाते थे। निर्माणाधीन मकान का गुरुवार के दिन छत पड़ा था। रोज की तरह काम बंद होने के बाद मकान मालिक सहित सभी लोग अपने-अपने घर चले गए। जिससे मकान पर रात के समय कोई व्यक्ति नहीं था।इसी दौरान अज्ञात लोगों ने गुरुवार की रात जेसीबी से मकान को धराशाई कर दिया। शुक्रवार की सुबह आसपास के लोगों ने मकान मालिक को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे मकान मालिक धराशाई हुआ मकान देखकर हताश हो गए और पुलिस को सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई। पीड़ित मकान मालिक द्विजेंद्रनाथ ने राजगढ़ थाना पर अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में राजगढ़ थानाध्यक्ष महेंद्र पटेल ने बताया कि गुरुवार की रात एक मकान को जेसीबी द्वारा गिराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। मकान गिरने वालों का शिनाख्त कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




