आजमगढ़ : राहुल गांधी से कुंभकार प्रजापति समाज की समस्याओं पर की चर्चा

गोविंद लाल शर्मा / आजमगढ़। जन नेता और नेता प्रतिपक्ष लोकसभा श्री राहुल गांधी से कुंभकार प्रजापति समाज के राष्ट्रीय सचिव व पश्चिम बंगाल ओबीसी प्रभारी राम गणेश प्रजापति ने समाज की जन समस्याओं और शोषण-उत्पीड़न के मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी संगठन और निचले स्तर के सक्रिय कार्यकर्ताओं को मजबूत बनाने की बात भी कही। राहुल गांधी ने निचले स्तर के कार्यकर्ताओं की अहमियत को स्वीकार करते हुए इस पर संज्ञान लेने और आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
पत्रकार वार्ता में राम गणेश प्रजापति ने माटी कला आयोग के गठन, मिट्टी निकालने के लिए भूमि आवंटन, राष्ट्रीय मिट्टी कला नीति बनाने तथा समाज के राजनीतिक नेताओं को उच्च पदों और चुनावों में उचित स्थान दिलाने सहित कई मांगें राहुल गांधी के सामने रखने की बात कही। राहुल गांधी ने इन मांगों पर प्रधानमंत्री और संबंधित अधिकारियों से शीघ्र बातचीत करने और समाज को न्याय एवं सम्मान दिलाने का वादा किया। राम गणेश प्रजापति ने राहुल गांधी का समाज की तरफ से हृदय से आभार व्यक्त किया।



