गाजीपुर : नवरात्रि पर डांडिया में छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांधा

झूम उठा किसान पूर्व माध्यमिक विद्यालय
त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर। शेरपुर खुर्द स्थित किसान पूर्व माध्यमिक विद्यालय में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित भव्य डांडिया कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों के मनमोहक नृत्य ने दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उत्सव का माहौल छा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय ने मां दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने पारंपरिक डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा, लय और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। बच्चों के उत्साह और शानदार तालमेल ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम को मुख्य अतिथि ने शील्ड देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य दयाशंकर राय, पारसनाथ पांडेय, ऋषि राय, राघवेंद्र राय, मदन दुबे, आशीष राय, लल्लन यादव, सुनील कुमार सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।



