
डॉ एके राय/ गाजीपुर। “विश्व होम्योपैथी दिवस-2026” के अवसर पर राजकीय गाजीपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल द्वारा सप्ताहव्यापी जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन जारी है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ राजेंद्र सिंह ने बताया कि महाविद्यालय द्वारा ‘विश्व होम्योपैथी सप्ताह’ का आयोजन एक अप्रैल से 7 अप्रैल तक किया गया है। इसके अंतर्गत जन जागरूकता पैदल यात्रा, नुक्कड़ नाटक, निबंध, रंगोली, वाद विवाद प्रतियोगिता एवं निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आदि गतिविधियों का आयोजन सम्पन्न होगा। जागरुकता अभियान के तहत 1 अप्रैल को प्रातः आठ बजे कॉलेज परिसर से जनजागरूकता रैली को प्राचार्य द्वारा हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया। रैली रौजा तिराहा, चंदन नगर, शीतला मंदिर के रास्ते होते हुए महाविद्यालय पहुंची। रास्ते में कई जगह पर नुक्कड़ नाटक “छोटी गोली बड़ा असर” का आयोजन किया गया, विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का जागरूक किया। प्रतिभागियों ने रोग प्रतिरोधक क्षमता, संक्रमण से बचाव और बीमारियों को जड़ से खत्म करने का सन्देश दिया। इसके उपरांत महाविद्यालय प्रांगण में *वार्षिक स्पोर्ट्स कार्निवल* का भव्य उद्घाटन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मार्च पास्ट से हुई, तत्पश्चात, होमियोपैथी के जनक सैमुअल सी एफ हैनीमैन की प्रतिमा पर महाविद्यालय परिवार द्वारा माल्यार्पण किया गया। आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट का उद्घाटन मैच शिक्षकों एवं हॉस्पिटल स्टाफ के बीच 12 ओवर का खेला गया। शिक्षकों की टीम ने मात्र 73 रन बनाए जबकी हॉस्पिटल स्टाफ ने 9 ओवर में मैच जीत लिया। शाम को बैडमिंटन महिला डबल इंटर्न और शिक्षकों के बीच मैच जारी रहा।



