Slide 1
Slide 1
एजुकेशन

यूपी में 12 जुलाई को 20 लाख पौधे लगाएगा उच्च शिक्षा विभाग    

8000 कॉलेज, 77 विश्वविद्यालयों में चलेगा वृक्षारोपण महायज्ञ,जहाँ बाउंड्री नहीं, वहाँ पेड़ों की बनेगी बाउंड्री, छात्रों-अध्यापकों से हरित क्रांति का आह्वान- उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय   

लखनऊ । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 12 जुलाई को आयोजित होने वाले ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ में उच्च शिक्षा विभाग 20 लाख पौधरोपण कर हरित उत्तर प्रदेश की नींव को और मजबूत करेगा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार ने वृक्षारोपण को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखकर इसे प्रकृति संरक्षण, जल सुरक्षा और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा व्यापक जन-आंदोलन बना दिया है। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 में जन-जन की भागीदारी, हरित आवरण की तैयारी है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में उच्च शिक्षा में लगभग 50 लाख छात्र, 22 सरकारी विश्वविद्यालय, 56 निजी विश्वविद्यालय और 8000 के करीब महाविद्यालय हैं। अगर हर छात्र एक-एक पेड़ लगाए तो यह संख्या ऐतिहासिक होगी। हमारे अधिकांश संस्थान बाउंड्री के अंदर हैं, इसलिए पौधों की सुरक्षा भी आसानी से सुनिश्चित हो जाएगी। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों को निर्देश दिए गए हैं कि अगर बाउंड्री नहीं है तो पेड़ उनकी हद पर लगाएं, तो पेड़ों की बाउंड्री बन जाएगी। जहाँ बाउंड्री है, वहाँ बाउंड्री के सहारे सघन पौधरोपण कराएं। सभी छात्रों को एकत्र कर पौधे लगवाएं तो वे संरक्षित भी रहेंगे और पर्यावरण भी सुधरेगा। यही सरकार का लक्ष्य है और हम इसे पूरा करेंगे। सभी कुलपति, कुलसचिव और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अभियान को मिशन मोड में लें। उच्च शिक्षा मंत्री उपाध्याय ने कहा कि योगी सरकार ने वृक्षारोपण को ‘एक पेड़ माँ के नाम’, ‘गुरु के नाम’, रक्षाबंधन पर ‘भाई-बहन’ जैसे भावनात्मक रूप से जोड़ा है। जहाँ भावनात्मक लगाव जुड़ जाता है, वहाँ देखभाल भी अधिक होती है। उन्होंने आह्वान किया कि छात्रों, अध्यापकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों की विशाल संख्या जब इस अभियान से जुड़ेगी तो हरित क्रांति अवश्य सफल होगी। फलदार, छायादार और औषधीय वृक्ष लगाने चाहिए। ‘आम के आम गुठलियों के दाम’ वाली कहावत चरितार्थ होगी। वृक्ष लगेंगे तो पर्यावरण सुधरेगा और फल मिलेंगे तो स्वास्थ्य भी सुधरेगा।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button