क्राइम
बुलंदशहर में 25 हजार के इनामी बदमाश से पुलिस मुठभेड़, घायलावस्था में गिरफ्तार

मोहित त्यागी,बुलंदशहर। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नरौरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी शातिर बदमाश से मुठभेड़ की है। जानकारी के अनुसार नरौरा थाना क्षेत्र में वाजिदपुर रजवाहे के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का इशारा किया गया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान शातिर धनेश के रूप में हुई है, जो गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है । पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक बाइक बरामद की है।



