महिला अधिकार, सुरक्षा और स्वावलंबन को लेकर गाजीपुर में महिला कल्याण व जागरूकता सम्मेलन 2026 का आयोजन

गाजीपुर । महिला कल्याण एवं जन उत्थान फाउंडेशन के बैनर तले शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को गाजीपुर में ‘महिला कल्याण व जागरूकता सम्मेलन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वरोजगार, कानूनी सुरक्षा एवं समाज में उनकी निर्णायक भागीदारी के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह तथा नगर पालिका अध्यक्षा/अधिशासी प्रतिनिधि सरिता अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और त्वरित न्याय के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से निडर होकर अपनी बात रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस की मदद लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर समाज, शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तीकरण, जागरूकता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया।
जिला संवाददाता विवेकानंद राय




