गाजीपुर: मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसता खजुरा गांव

नाली खड़ंजा,सामुदायिक शौचालय,पंचायत भवन की स्थिति गंभीर
By- त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर।एक तरफ पूरा देश अमृत महोत्सव मना रहा है। विकास के गीत गाए जा रहे है। वहीं सैदपुर तहसील के खजुरा गांव के निवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरसने को मजबूर हो गए है।ग्रामीणों ने अपनी आप बीती सुनाते कहा गांव की गलियां बिल्कुल चलने लायक नहीं है।जो रास्ते खड़ंजा बने उन पर इतना पानी बहता है और अधिकांश क्षतिग्रस्त है। उन पर चलना दूभर है आए दिन लोग गिरकर चोटिल होते रहते है। गांव की सबसे गंभीर समस्या जल निकासी की है। गांव का पानी गलियों में बहता है। जिससे हर समय रास्तों पर कीचड़ और पानी जमा हो रहता है। नाली न होने और उचित जलनिकासी की व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को अत्यंत दुश्वारियो का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि गांव के लोगों के लिए एक मात्र सामुदायिक शौचालय विगत तीन वर्षों से बंद पड़ा है। स्थिति इतनी खराब है शौचालय के पास से लोग दुर्गंध के कारण गुजरना नहीं चाहते है।ग्राम खजुरा के सचिवालय का काम करीबन 3 वर्षों से चल रहा है जो अभी तक पूरा नहीं हुआ है। न ही अमृत सरोवर का कार्य पूर्ण हुआ है। ब्लॉक से पता लगाने के बाद यह पता चल रहा है कि दोनों का पैसा बैंक से उतर चुका है और धरातल पर कुछ नहीं दिख रहा है।

इसकी जल्द से जांच होने के लिए ग्रामीणों ने मांग की।ग्रामीणों से बात करने पर जानकारी प्राप्त हुई कि इससे पहले के ग्राम प्रधान भी बहुत लोगों के शौचालय का पैसा गबन कर लिए हैं। अमृत सरोवर के नाम पर मात्र एक गड्ढा खुदा पड़ा है, और अधिकांश लोगों को स्वच्छ जल भी पीने को नसीब नहीं है। जल जीवन मिशन की अधूरी स्थिति भी लोगों को रास नहीं आ रही है। लोगों का कहना है टंकी अभी तक बनी नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार गांव की हालत बहुत खराब है। समस्याओं के समुचित निदान हेतु एडीओ पंचायत,उप जिलाधिकारी एवं जिलाधिकारी को भी पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है।मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को रखा है समस्याओं का निदान नहीं हुई है।आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि यदि समाधान हेतु कोई विकल्प नहीं तैयार किया गया। तो ग्रामीण इन समस्याओं के लिए धरना प्रदर्शन हेतु बाध्य होंगे। इस मौके पर आशीष राजभर, रामवृक्ष राजभर, सीताराम बागी, रामजीत राम, बालकिशुन चौधरी, लाल बहादुर गुप्ता, पत्ती कुशवाहा, अविनाश, अजीत, पिंटू , दुलचंद , राजबीर मौर्य, विद्या देवी , देवानंद राय ,ऋषभ राय (बचालू,) पंकज कुशवाहा, सुनीता देवी, शशिकांत गौतम, चंदशेखर गौतम, रामू राजभर(समाज सेवी) सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।




