गाजीपुर : निपुण बनाओ,अभियान को गति देने का बीईओ का सख्त निर्देश

त्रिलोकी नाथ राय (गाजीपुर)। ‘कैच-अप करो, निपुण बनाओ’ अभियान को गति देने के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में बीआरसी केंद्र भांवरकोल पर समीक्षा बैठक हुई। इसमें नोडल शिक्षक संकुल, अकादमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) और स्टेट रिसोर्स ग्रुप (एसआरजी) के सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक में बीईओ ने सभी विद्यालयों में नियमित कार्यपत्रक भरवाने और उनकी तस्वीरें ब्लॉक व संकुल स्तर पर साझा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिडलाइन असेसमेंट समय से पूरा कराने तथा संबंधित आंकड़ों की गूगल फॉर्म पर अनिवार्य फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कक्षाओं में विभागीय पोस्टरों के प्रदर्शन और शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के अधिकतम उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि कमजोर अधिगम स्तर वाले बच्चों के लिए कैच-अप कार्यक्रम और उपचारात्मक शिक्षण गंभीरता से चलाया जाए, ताकि प्रत्येक बच्चा बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मकता (एफएलएन) की दक्षताएं हासिल कर सके। बैठक में उपस्थित शिक्षकों और अकादमिक सदस्यों ने नियमित सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करते हुए निर्धारित समयसीमा में ब्लॉक को निपुण बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान रितेश सिंह, अमित कुमार राय, रविशंकर राय, नसीम अंसारी, मु. आलिम हुसैन, शशि भूषण श्रीवास्तव, पंकज पाण्डेय, तुलसी प्रसाद धुसिया, धर्मेन्द्र कुमार, चिरंजीव लाल गुप्ता, संजीव कुमार पाण्डेय और रत्नाकर द्विवेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



