कानपुरः करियर चयन और भविष्य की योजना बनाना अहमः सैयद सईद
जामिया तुत तय्येबात अरबी कॉलेज में ‘अपना मुकाम पैदा कर’ विषय पर प्रशिक्षण का आयोजन
कानपुर। दलेल पुरवा स्थित जामिया तुत तय्येबात अरबी कॉलेज में ‘अपना मुकाम पैदा कर’ विषय पर छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए तीन प्रशिक्षण सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों का उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा और करियर के संबंध में उचित मार्गदर्शन देना, शिक्षकों की शिक्षण क्षमता को बेहतर बनाना तथा अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा और संस्कारों के विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ जामिया की छात्रा इकरा इज़हार ने पवित्र कुरआन के पाठ से किया। शिक्षक मौलाना शादाब सलीम फलाही ने संस्थान के शैक्षिक और नैतिक विकास से जुड़े उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सही दिशा देना, शिक्षकों को समय-समय पर प्रशिक्षण प्रदान करना और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना एक सफल शिक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ये प्रशिक्षण सत्र छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व राब्ता फाउंडेशन पुणे के अध्यक्ष सैयद सईद अहमद ने तीनों वर्कशॉप को संबोधित किया। छात्राओं के सत्र में उन्होंने शिक्षा, करियर चयन और भविष्य की योजना बनाने के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों के सत्र में उन्होंने शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने और पढ़ाने के प्रभावी तरीकों को अपनाने पर मार्गदर्शन दिया। वहीं, अभिभावकों के सत्र में उन्होंने बच्चों की शिक्षा, संस्कार निर्माण और उनके साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के महत्व को समझाया।
इन वर्कशॉप के माध्यम से छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा उन्हें अधिक प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रखते हुए छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के समापन पर कॉलेज की प्राचार्या मोहतरमा स्वालेहा सालेहाती साहिबा ने मुख्य अतिथि जनाब सैयद सईद अहमद के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इन प्रशिक्षण सत्रों को छात्राओं की शैक्षिक प्रगति, शिक्षकों की व्यावसायिक दक्षता और अभिभावकों की सकारात्मक भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक जनाब अहमद फ़राज़ असलम, जनाब आदिल अहसन फलाही तथा तैय्यबात प्राइमरी स्कूल की प्राचार्या मोहतरमा ज़ैनबुल ग़ज़ाली तैय्यबाती साहिबा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।


