
असगर अली
देवरिया। जनपद के भाटपार रानी पुलिस ने हत्या के मामले को 72 घंटे के बाद मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।साथ ही आरोपियों के निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और आरोपियों के खून से सने कपड़े भी बरामद किए है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के कुशल निर्देश पर की गई। हत्या के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अश्वनी गुप्ता पुत्र वीरेन्द्र गुप्ता निवासी कोठिलवा, थाना बनकटा और पंकज जायसवाल पुत्र भोला जायसवाल निवासी बहियारी बघेल, थाना भाटपार रानी के रूप में हुई है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी कहीं भागने की फिराक में हैं। इस सूचना के आधार पर थाना भाटपार रानी पुलिस ने बहियारी बघेल कुईचवर पुलिया के पास घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।यह घटना 14 अक्टूबर 2025 की है। थाना भाटपार रानी क्षेत्र के बरईपुर बाबू गांव के पास स्थित पोखरे के पास झाड़ियों में एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव पड़ा मिला था। शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की और पुलिस को सूचना दी। मृतक की बहन ने थाना भाटपार रानी में लिखित तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने अपने भाई की हत्या की आशंका जताई थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मृतक के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और संपर्क सूत्रों का गहन विश्लेषण किया। जांच में अश्वनी गुप्ता और पंकज जायसवाल के नाम सामने आए, जो मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं और परिजनों के अनुसार अश्वनी गुप्ता मृतक को घटना के पूर्व शाम को साथ लेकर गया था और सुबह मन्नू का शव बरामद हुआ था।




