Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेशकारोबारलखनऊ

लखनऊ : ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने 50 से अधिक शिविरों से वर्चुअल संवाद कर सुनी उपभोक्ताओं की समस्याएं

बिजली बिल राहत योजना –2025 से लाभ उठाने की ऊर्जा मंत्री ने की अपील

20 वर्षों की पीड़ा से मिली राहत, उपभोक्ताओं ने भावुक होकर जताया आभार

लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने प्रदेश के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है।  सरकार द्वारा संचालित बिजली बिल राहत योजना– 2025 का अधिकतम लाभ उठाएं। यह योजना प्रदेश के गरीब, मध्यम वर्ग एवं वर्षों से बिजली बिल के बोझ से दबे उपभोक्ताओं को राहत देने वाली एक जनहितकारी योजना है। प्रथम चरण के अंतिम दिवस पर जनपदों में बिजली बिल राहत शिविरों में भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में उपभोक्ता सुबह से ही शिविरों में पहुंचकर अपने पुराने बकाया का निस्तारण कराते दिखे। इस अभूतपूर्व सहभागिता से स्पष्ट है कि योजना को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

इसी क्रम में ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने संगम भवन, लखनऊ से वर्चुअल माध्यम द्वारा आजमगढ़, बलिया, मऊ, प्रयागराज सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आयोजित 50 से अधिक शिविरों से सीधे संवाद किया। वर्चुअल संवाद के दौरान उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं, अनुभव और सुझाव साझा किए, जिन्हें मंत्री जी ने गंभीरता से सुना।संवाद के दौरान अनेक उपभोक्ता भावुक हो गए और उन्होंने कहा कि “मंत्री जी, यह योजना हमारे लिए वरदान साबित हुई है। पिछले 15–20 वर्षों से बिजली बिल को लेकर जो मानसिक पीड़ा थी, उससे अब मुक्ति मिल गई है। अब हम सम्मान के साथ अपने बिल जमा कर पा रहे हैं और चैन की नींद सो पा रहे हैं। उपभोक्ताओं ने योजना के लिए ऊर्जा मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

ऊर्जा मंत्री ने यूपीपीसीएल के अध्यक्ष से चर्चा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 दिसंबर को जब तक शिविरों में उपभोक्ताओं की भीड़ बनी रहे, तब तक किसी भी स्थिति में शिविर बंद न किए जाएं।प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को योजना का लाभ दिए बिना शिविर समाप्त नहीं किया जाएगा। मंत्री श्री शर्मा ने आजमगढ़,बलिया मऊ जनपद के राघौली, बढ़राँव ब्लॉक, घोसी, सिपाह, कटघरा शंकर, भट्टमीला, भद्दीह सहित अन्य स्थानों पर लगे शिविरों से जुड़े उपभोक्ताओं से संवाद किया तथा उनकी स्थानीय समस्याओं, तकनीकी दिक्कतों एवं सुझावों को जाना।अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों की तत्काल समीक्षा कर योजना के दायरे का विस्तार किया जाए, ताकि कोई भी पात्र उपभोक्ता लाभ से वंचित न रहे।
अंत में ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बिजली बिल राहत योजना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को वास्तविक और स्थायी राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button