
डॉ एके राय
गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र कल्चर क्लब के सौजन्य से “लोक संस्कृति और गाजीपुर” विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला मंगलवार को पी.जी. कॉलेज मलिकपूरा में सम्पन्न हुई। गाजीपुर की समृद्ध लोक- सांस्कृतिक परंपराओं, जनजीवन और सांस्कृतिक चेतना को अकादमिक तथा सामाजिक दृष्टि से समझने के उद्देश्य से आयोजित कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. सुनील कुमार तिवारी प्राचार्य, महात्मा गांधी शती स्मारक पीजी कॉलेज गरुवा मकसूद, गाजीपुर रहे। मुख्य प्रशिक्षक का परिचय डॉ. अभिषेक कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि “लोक संस्कृति किसी भी क्षेत्र की आत्मा होती है। यही वह जीवंत परंपरा है जो समाज को उसकी जड़ों से जोड़ती है। यही आने वाली पीढ़ियों को अपनी पहचान सौंपती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दिवाकर सिंह ने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि “लोक संस्कृति का संरक्षण केवल अध्ययन का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा संस्थानों को इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।” कार्यशाला में छात्र-छात्राओं, शोधार्थियों और प्राध्यापकों की सक्रिय सहभागिता रही। कार्यशाला का संचालन डॉ. अनुज सिंह व धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रिंस कुमार कसौधन ने दिया।




