
ज़ी मीडिया ग्लोबल इनोवेशन एंड लीडरशिप समिट में मिला बेस्ट डिस्टिंक्शन लीडरशिप अवॉर्ड
डॉ एके राय
देवरिया। हिन्दी सिनेमा पटल पर प्रदर्शित “उदयपुर फ़ाइल्स” फ़िल्म के लिए निर्माता भारत एस. श्रिनेत को लंदन की संसद में बेस्ट डिस्टिंक्शन लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। “उदयपुर फ़ाइल्स” के लिए मिली इस उपलब्धि ने उत्तर प्रदेश व देवरिया जिले का नाम विश्व फिल्म जगत में रोशन करने पर भारत एस. श्रिनेत को सिने प्रेमियों ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। बताते चलें कि मूल रूप से देवरिया ज़िले के गौरीबाज़ार क्षेत्र के लबकनी गाँव निवासी स्व. कामेश्वर सिंह के पुत्र भारत एस. श्रिनेत, लंदन में आयोजित ज़ी मीडिया ग्लोबल इनोवेशन एंड लीडरशिप समिट का भी हिस्सा रहे। सम्मान समारोह में यूके संसद के प्रतिष्ठित सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें लॉर्ड रमिंदर रेंजर, बैरोनेस संदीप वर्मा और लॉर्ड कृष्ण कुमार सुरेशचंद्र रावल, ओबीई शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में उदयपुर(राजस्थान) में दर्जी कन्हैया लाल साहू की हुई निर्मम हत्या पर आधारित इस फिल्म के निर्माण की घोषणा करने पर भारत एस. श्रिनेत को विभिन्न रूपों से धमकियां दी गयी ताकि वह फिल्म निर्माण से दुर रहें, लेकिन अपनी धुन के पक्के श्रिनेत ने अपने लक्ष्य को पूरा करने की ठानी और फिल्म निर्माण में जूटे रहे। फिल्म तैयार हुई और फिर इस पर प्रतिबंध लगाने हेतु याचिका दायर किया गया। लम्बी अदालती लड़ाई के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फिल्म पर लगी रोक हटा दी। उसके बाद सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन द्वारा दिए गए सर्टिफिकेशन के बाद इसे रिलीज़ किया गया। फिल्म प्रर्दशित हुई और लोगों का भरपूर सहयोग मिला और लोगों ने इसे सराहा। यह भारत के नेतृत्व और उद्यम- आधारित विकास की सोच के प्रति मजबूत समर्थन को दर्शाता है। भारत एस. श्रिनेत का लंदन की संसद में बेस्ट डिस्टिंक्शन लीडरशिप अवॉर्ड से सम्मानित होना जहां एक तरफ उनके साहसिक कदम और लक्ष्य के प्रति निष्ठा को दर्शाता है वहीं फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगवाने में जूटे विरोधियों के मुंह पर जोरदार तमाचा है।




