चेतना महोत्सव-2025:पूर्व IAS बालेश्वर राय गाज़ीपुर गौरव सम्मान से सम्मानित


गाजीपुर। साहित्य चेतना समाज का 40 वां वार्षिक पुरस्कार वितरण एवं गाजीपुर गौरव सम्मान समारोह ( चेतना महोत्सव – 2025 ) नगर के बंधवा स्थित शहनाई पैलेस में सम्पन्न हुआ । सिद्धपीठ हथियाराम मठ जखनिया के पीठाधीश्वर महामण्डलेश्वर भवानीनन्दन यति जी महाराज एवं लखेश्वर ब्रह्म आयुर्वेदिक ट्रस्ट के संस्थापक यूशजी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति में विभिन्न कार्यक्रम हुए।समारोह की मुख्य अतिथि लोकगायिका पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव थीं।अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार ओम धीरज ( पूर्व अपर मण्डलायुक्त – वाराणसी मण्डल ) ने की।समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पार्चन से हुआ
तत्पश्चात माया नायर ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत किया।अतिथियों का स्वागत संस्था के अध्यक्ष डॉ.रविनन्दन वर्मा, सचिव हीरा राम गुप्ता एवं संगठन सचिव प्रभाकर त्रिपाठी ने किया। भवानीनन्दन यति जी महाराज ने बिना किसी शासकीय वित्तीय सहायता के विगत चार दशकों से संस्था द्वारा किये जा रहे। रचनात्मक कार्यों की चर्चा करते हुए संस्था की प्रशंसा की। संस्था को एक लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। यूशजी महाराज ने साहित्यिक , सांस्कृतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में विद्यार्थियों एवं युवाओं की भागीदारी को रेखांकित करते हुए इस दिशा में संस्था के प्रयास की सराहना की ।
मीरजापुर से आईं लोकगायिका पद्मश्री उर्मिला श्रीवास्तव ने संस्था की मीरजापुर इकाई की गतिविधियों की चर्चा करते हुए उसकी प्रशंसा की।समारोह में देश के विभिन्न प्रमुख पदों पर रहकर प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जनपद के ढढ़नी गाँव निवासी पूर्व आई . ए .एस.बालेश्वर राय को इस वर्ष के ‘ गाजीपुर गौरव ‘ सम्मान से सम्मानित किया गया। जब अंगवस्त्रम् , स्मृति – चिह्न व सम्मान – पत्र प्रदान किया गया तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा ।
संस्था के तत्वावधान में वर्ष 2024 में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को स्मृति – चिह्न व प्रमाण – पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । सेन्ट जॉन्स स्कूल की संगीत शिक्षिका माया नायर ने भजन , न्यू होराइजन एकेडमी तुलसीसागर एवं डी ड्रीम्स डांस स्कूल के बाल कलाकारों आकर्षक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में ओम धीरज ने संस्था द्वारा विद्यार्थियों व युवाओं को विगत चार दशकों से साहित्यिक – सांस्कृतिक संस्कार देने के प्रयास को महत्वपूर्ण बताया। समारोह का संचालन संस्था के उपाध्यक्ष संजीव गुप्त एवं धन्यवाद ज्ञापन संस्थापक अमरनाथ तिवारी ‘अमर’ ने किया।




