Slide 1
Slide 1
पटनाबिहारराज्य

लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान के तहत स्टार्टअप समिट 2025 का भव्य आयोजन

सुशील कुमार की रिपोर्ट…

बिहार की राजधानी पटना के रविंद्र भवन में लेट्स इंस्पायर बिहार” अभियान के तहत “स्टार्टअप समिट 2025” का भव्य आयोजन अत्यंत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का नेतृत्व आदरणीय आईपीएस अधिकारी श्री विकास वैभव ने किया, जिनकी प्रेरणा से बिहार में उद्यमिता की क्रांति लाने का संकल्प लिया गया है। इस ऐतिहासिक समिट के उद्घाटनकर्ता एवं मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के माननीय उप-मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने प्रेरक संबोधन से उपस्थित उद्यमियों, युवाओं और पेशेवरों को बिहार के विकास के लिए प्रेरित किया।इस समिट में बिहार के सभी जिलों के साथ-साथ देश-विदेश से आए 4,000 से अधिक एंजल निवेशकों, स्टार्टअप संस्थापकों, युवा नेतृत्वकर्ताओं, उद्यमियों, कॉर्पोरेट पेशेवरों और महिलाओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बिहार @ 2047 विजन डाक्यूमेंट के ड्राफ्ट का विमोचन किया गया, जो बिहार के विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। इस दस्तावेज को अंतिम रूप देने के लिए 21 दिसंबर 2025 को बेंगलुरु में आयोजित होने वाले “बिहार @ 2047 विजन कॉन्क्लेव” में सभी सुझावों को शामिल किया जाएगा।मुख्य अतिथि श्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में बिहार में औद्योगिक क्रांति की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बिहार अब उद्यमिता और औद्योगीकरण के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने “लेट्स इंस्पायर बिहार” अभियान की सराहना की और इसे बिहार के युवाओं के लिए रोजगार सृजन और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाला एक महत्वपूर्ण मंच बताया।आईपीएस श्री विकास वैभव ने अपने संबोधन में कहा, “हमारा लक्ष्य 2028 तक बिहार के प्रत्येक जिले में कम से कम 5 ऐसे स्टार्टअप स्थापित करना है, जो 100 से अधिक लोगों को रोजगार प्रदान करें। यह समिट बिहार में उद्यमिता की क्रांति का शंखनाद है।” उन्होंने 21 स्टार्टअप्स को “बिहार उद्यमिता सम्मान” से सम्मानित किया, जिन्होंने 100 से अधिक रोजगार सृजित किए हैं या जिनकी भविष्य की संभावनाएं अत्यंत प्रबल हैं। साथ ही, ड्रॉप्टी के संस्थापक श्री शुभांग ने 21 चयनित स्टार्टअप्स को 21-21 लाख रुपये का समर्थन प्रदान करने की घोषणा की।इस अवसर पर रोहतास जिला गार्गी अध्याय की मुख्य समन्वयक सुश्री नूतन पांडे भी उपस्थित थीं, जिन्होंने इस अभियान के तहत महिलाओं और युवाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। समिट में चार पैनल चर्चाएं आयोजित हुईं, जिनमें देश-विदेश के विशेषज्ञों ने स्टार्टअप्स और उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया।”लेट्स इंस्पायर बिहार” अभियान, जो शिक्षा, समता और उद्यमिता के तीन मंत्रों पर आधारित है, वर्तमान में 2,50,000 से अधिक लोगों के साथ बिहार का सबसे बड़ा सामाजिक आंदोलन बन चुका है। इस अभियान से 600 से अधिक स्टार्टअप्स जुड़ चुके हैं। यह समिट बिहार को 2047 तक विकसित भारत के साथ एक विकसित राज्य के रूप में स्थापित करने के संकल्प को और सशक्त करने वाला एक मील का पत्थर साबित हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button