सिगरा इलाके में बाइक चोर गैंग ने मचा रखा है आतंक
आईपी मॉल के सामने से अपाचे चोरी, CCTV में कैद हुआ चोर
सरफराज अहमद
वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के आईपी मॉल के सामने एक्सिस बैंक के पास से एक मोबाइल की दुकान के सामने खड़ी काली रंग की अपाचे बाइक (यूपी 65 बीए 7120) 9 अप्रैल की रात लगभग 9 बजे चोरी हो गई। बाइक प्रेम कुमार शर्मा के पुत्र की थी। घटना की जानकारी मिलते ही 112 नंबर पुलिस और फैंटम दस्ता मौके पर पहुंचा। दस्ते ने तत्परता दिखाई और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद फैंटम दस्ते ने सिगरा त्रिनेत्रघर पहुंचकर इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच भी शुरू की, जिसमें देखा गया कि चोर बाइक को लेकर मलदहिया, सिंह मेडिकल और लाहुरावीर होते हुए कहीं निकल गया। लहरतारा पुल के बाद का फुटेज है जिसमें बाइक लेकर कोई जाता दिखाई दे रहा है। सिगरा थाने पर एनसीआर दर्ज कराई गई है। लगातार हो रही इस तरह की वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस बाइक चोर को पकड़ नहीं सकी थी।





