गाजीपुर : फ़ौज के जवान ने पुलिस पर लगाया मारपीट और सोने की अंगूठी छीनने का आरोप,एसपी से की शिकायत

गाजीपुर ( विवेकानंद राय )। जनपद के नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर मारपीट, गाली-गलौज करने, सोने की अंगूठी छीनने और टी-शर्ट फाड़ने का गंभीर आरोप लगा है। इस संबंध में नगसर मीर राय गांव निवासी विनीत राय पुत्र प्रेमनारायण राय, जो अरुरांचल मे नायक के पद पर तैनात है। इन्होने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित फ़ौजी विनीत राय द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। उनका कहना है कि वह मेला अवती गांव में सब्जी मंडी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक आपस में गाली-गलौज करते हुए विवाद कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने युवकों को ऐसा करने से मना किया, तभी सादे कपड़ों में मौजूद तीन युवक वहां पहुंचे और बिना कुछ पूछे उनके साथ मारपीट करने लगे। पीड़ित का दावा है कि उस समय तक पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच चुके थे और बाद में सभी को नगसर हाल्ट थाने ले जाया गया। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि थाने पहुंचने के बाद विवाद में शामिल तीन व्यक्तियों की पहचान अभिनव यादव, चंद्रदेव और प्रमोद सरोज के रूप में हुई, जो कथित तौर पर नगसर हाल्ट थाने में तैनात पुलिसकर्मी थे और सादे कपड़ों में मौजूद थे। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि मामले की जानकारी मिलने पर उनकी 69 वर्षीय मां थाने पहुंचीं तो उनके साथ भी गाली-गलौज की गई और उन्हें भद्दी बातें कहकर वहां से चले जाने को कहा गया।
विनीत राय ने अपने शिकायती पत्र में यह भी दावा किया है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी सोने की तीन अंगूठियां छीन लीं और उनकी टी-शर्ट फाड़ दी। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 170, 135 और 126 के तहत चालान भी किया गया। पीड़ित ने पूरे प्रकरण को गंभीर बताते हुए पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच कराकर कथित रूप से दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
अब जांच और कार्रवाई पर टिकी निगाहें
पीड़ित ने 22 अक्टूबर 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र में न्याय की गुहार लगाई है। मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, पुलिस प्रशासन की ओर से इस शिकायत पर क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। आरोपों की पुष्टि और संबंधित पुलिसकर्मियों का पक्ष सामने आने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो पाएगी।
जिला संवाददाता विवेकानंद राय
गाज़ीपुर



