बुलंदशहर : शराब पार्टी के दौरान छोटे भाई को खाट के पाए से पीट-पीट कर मार डाला

मोहित त्यागी/ बुलदशहर । गुलावठी कोतवाली क्षेत्र के करीमपुर बनबोई गांव से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की खाट के पाए से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रविंद्र सिरोही के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बड़े भाई का नाम हरेंद्र सिरोही बताया जा रहा है। दोनों रिटायर्ड फौजी हैं। बताया जा रहा है कि दोनों भाई एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे, तभी किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बड़े भाई हरेंद्र ने गुस्से में खाट का पाया उठाकर छोटे भाई रविंद्र पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना पर गुलावठी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी हरेंद्र सिरोही को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खाट का पाया भी बरामद कर लिया है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही आगे की कार्रवाई में जुटी है।



